गाजियाबाद विकास प्राधिकरण कार्यालय
- फोटो : Amar Ujala
सबहेडः एकमुश्त समाधान योजना में 30 सितंबर तक कर सकेंगे आवेदन, फिर बकाएदारों के खिलाफ एक अक्टूबर से शुरू होगा अभियान
- कार्रवाई की जोनवार बनाई जा रही है कार्ययोजना
माई सिटी रिपोर्टर
गाजियाबाद। छोटे-बड़े 8294 बकाएदारों को छूट के साथ बकाया जमा करने की सुविधा देने वाली एकमुश्त समाधान योजना (ओटीएस) में केवल तीन दिन बचे हैं। जीडीए के डिफॉल्टर के पास बकाया जमा कराने का 30 सितंबर तक मौका है। फिर अक्टूबर माह से प्राधिकरण की ओर से बकाएदारों के खिलाफ एक्शन लिया जाएगा। जोनवार बकाया वसूली की प्रक्रिया तेज की जाएगी।
बकाएदारों पर नकेल कसने के लिए नई कार्ययोजना पर काम शुरू हो गया है। करीब छह माह से चल रही ओटीएस योजना में आवेदन का आंकड़ा 30 फ़ीसदी के आसपास पहुंच सका है। योजना में अब केवल तीन दिन शेष होने के चलते लोगों के पास ब्याज में छूट के साथ बकाया जमा कराने का आखिरी मौका है। लोगों को योजना का लाभ उठाकर बकाया जमा करने के लिए सोशल मीडिया के साथ विभिन्न माध्यमों से प्रेरित किया जा रहा है। प्राधिकरण ने अपने स्वागत कक्ष में ऑफलाइन आवेदकों के लिए काउंटर बनाया है। ओटीएस योजना में बकाया राशि पर लगी ब्याज को छूट के साथ जमा करने की सुविधा दी गई है।
कोरोना के चलते लगे लॉकडाउन के कारण ओटीएस योजना में आवेदन की रफ्तार पर ब्रेक लग गया था। जिसके बाद शासन ने योजना को में आवेदन की तिथि बढ़ाकर 30 सितंबर कर दी।इसके बावजूद आवेदन के नतीजे उम्मीद के मुताबिक नहीं आए हैं। लोगों के लाभ और जीडीए सहित प्रदेश के विभिन्न प्राधिकरण की माली हालत में सुधार के उद्देश्य से शुरू की गई ओटीएस योजना में आवेदन के बढ़ने की संभावना जताई जा रही है। बता दें कि महानगर के विभिन्न क्षेत्रों में 8294 छोटे-बड़े बकाएदारों पर 465 करोड़ बकाया है। इंदिरापुरम योजना में सर्वाधिक छोटे-बड़े बकाएदार हैं। संपत्ति अनुभाग की ओर से तैयार की गई बकाएदारों की सूची में इंदिरापुरम में 1624 बकाएदारों पर सर्वाधिक 190 करोड़ से अधिक बकाया है। मधुबन बापूधाम योजना में 418 बकाएदारों पर 91 करोड़ बकाया है। जीडीए सचिव संतोष कुमार राय ने बताया कि महानगर के लोग के पास ओटीएस योजना के जरिए छूट के साथ बकाया जमा कराने का आखिरी अवसर है।
--------