भूमि के असमान मुआवजे को लेकर किसानों में रोष
- बम्हेटा के किसानों को समर्थन करने उतरी आम आदमी पार्टी
माई सिटी रिपोर्टर
गाजियाबाद। भूमि के अर्याप्त मुआवजे को लेकर दो माह से धरने पर बैठे बम्हेटा के किसानों के समर्थन आम आदमी पार्टी की जिला इकाई धरना स्थल पर पहुंची। कार्यकर्ताओं ने किसानों का सहयोग करने की बात कही।
जिलाध्यक्ष चेतन त्यागी ने कहा कि किसानों का उत्पीड़न बिलकुल भी बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। सरकार बिल्डरों को बचाने में व किसानों को उजाड़ने में लगी है। आप प्रवक्ता अधिवक्ता मनोज त्यागी ने विस्थापित किसानों के पुनर्वास की मांग की तथा भूमि का वाजिब दाम किसानों को देने की प्रदेश सरकार से मांग की। आप प्रदेश प्रवक्ता सीएम चौहान ने कहा कि किसानों की जमीन बर्बरता पूर्ण तरीके से सरकार छीन रही है, जिसकी कीमत भी पूरी नहीं चुकाई जा रही। आम आदमी पार्टी किसानों की लड़ाई में कंधे से कंधा मिलाकर साथ खड़ी है। महिला प्रकोष्ठ की जिलाध्यक्ष दीप्ति वर्मा ने कहा कि ऐसा लगता है कि प्रदेश सरकार भू माफियाओं बिल्डरों को संरक्षण दे रही है। उनको उनकी जमीन से बे दखल किया जा रहा है। इस अवसर पर उपस्थित अधिवक्ता रूपम यादव, विक्की यादव, अधिवक्ता मनोज त्यागी, रवि पंडित, भीष्म यादव, जतिन शर्मा, दिलशाद खान,अजित भाटी, सीएम चौहान, डा. दिलीप सिंह, राजेश यादव, प्रियंका सिंह गगन, इशिका सिंह, राकेश सिंह मौजूद रहे।