- ओएलएक्स पर मोबाइल बिक्री का झांसा दे 13 हजार ठगे, महिला के खाते से उड़ाए 72 हजार
गाजियाबाद। साइबर ठगों ने महिला व युवक को निशाना बनाते हुए उन्हें 85 हजार की चपत लगा दी। ओएलएक्स पर मोबाइल बिक्री का झांसा देकर ठगों ने फोन-पे से 13 हजार रुपये ठग लिए। वहीं, महिला के खाते से 72 हजार रुपये ट्रांसफर कर लिए। दोनों मामलों में पुलिस ने केस दर्ज कर लिया है।................
पहले मामले में राजनगर एक्सटेंशन की स्टार रामेश्वरम सोसायटी में रहने वाली अंजलि सिंह का कहना है कि उनका कैनरा बैंक में खाता है। उनके खाते से अज्ञात लोगों द्वारा 72 हजार रुपये निकाल लिए गए। अंजलि सिंह का कहना है कि उनकी रकम किसी पंकज सिंह के खाते में ट्रांसफर हुई है। पीडि़त की तहरीर पर सिहानी गेट पुलिस ने केस दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। वहीं, दूसरे मामले में विजयनगर थानाक्षेत्र के शिवपुरी निवासी आशीष कुमार का कहना है कि उन्होंने ओएलएक्स पर एक मोबाइल बिक्री का विज्ञापन देखा। विज्ञापन पर लिखे नंबर पर बात की तो कॉलर ने 16 हजार का मोबाइल साढ़े 9 हजार में देने के लिए कहा। आरोप है कि ठगों ने झांसे में लेकर उससे 13 हजार रुपये फोन-पे में डलवा लिए और मोबाइल भी नहीं दिया। पीडि़त की तहरीर पर विजयनगर पुलिस ने केस दर्ज कर लिया है।