बुलंदशहर। नगर कोतवाली क्षेत्र निवासी युवक अर्जुन पर गुजरात निवासी युवती के साथ ब्लैक मेलिंग करने का मामला सामने आया है। युवती की शिकायत पर बुलंदशहर पहुंची गुजरात पुलिस ने आरोपी को हिरासत में ले लिया और उसे अपने साथ गुजरात ले गयी है।
जानकारी के अनुसार शनिवार शाम को गुजरात पुलिस बुलंदशहर आई थी। इस दौरान उन्होंने नगर कोतवाली में आमद दर्ज कराई थी। साथ ही उन्होंने नगर पुलिस को जानकारी दी थी कि मोहल्ला कृष्णा नगर निवासी युवक अर्जुन के खिलाफ गुजरात के एक थाने में एक युवती ने एफआईआर दर्ज कराई है। युवती का आरोप है कि कुछ समय पूर्व सोशल नेटवर्किंग साइट फेसबुक पर उसकी मुलाकात बुलंदशहर निवासी युवक अर्जुन से हुई थी। इस दौरान अर्जुन ने उसके सोशल मीडिया के माध्यम से कुछ फोटो अपलोड कर लिए थे। जिन्हें अब वह पीडि़ता को आपत्तिजनक बनाकर भेज रहा है और ब्लैकमेल कर रहा है। आरोप है कि इस दौरान आरोपी युवक उससे काफी भारी रकम भी ऐंठ चुका है। जानकारी मिलते ही गुजरात पुलिस नगर कोतवाली पुलिस की मदद से आरोपी युवक के घर पहुंची और उसे अपने साथ गिरफ्तार कर गुजरात ले गई है। नगर कोतवाल दीक्षित कुमार त्यागी ने बताया कि गुजरात पुलिस ब्लैक मेलिंग के मामले में युवक को गिरफ्तार करने आई थी। जिसे वह अपने साथ ले गई है। इससे अधिक जानकारी उन्हें नहीं दी गई।