औरंगाबाद। फर्जी नंबर प्लेट पर चल रहे धान से भरे ट्रक को कोतवाली देहात की पुलिस ने रविवार शाम औरंगाबाद की नवीन अनाज मंडी से पकड़ लिया। ट्रक के स्टार्ट नही होने पर पुलिसकर्मियों ने दूसरे ट्रक के बैट्री निकाल ली। जिसका विरोध करने पर पुलिसकर्मियों ने ट्रक के मालिक समेत तीन लोगों की बेरहमी से पिटाई कर डाली। बाद में मौके पर पहुंची चौकी पुलिस ने लोगों को शांत कराया। पीडि़तों ने एसएसपी से शिकायत करने की बात कही है।
जानकारी के अनुसार जहांगीराबाद निवासी ट्रक मालिक के पास दो ट्रक है। एक ट्रक कोतवाली देहात में हादसे के बाद से बंद खड़ा हुआ है। जबकि उसका दूसरा देहात कोतवाली में बन्द ट्रक की फर्जी नंबर प्लेट लगाकर चल रहा था। देहात पुलिस को रविवार शाम मुखबिर द्वारा सूचना मिली कि औरंगाबाद की मंडी में धान से भरा एक ट्रक खड़ा हुआ है। सूचना पर देहात कोतवाली में तैनात एक उपनिरीक्षक सिविल में टीम के साथ मौके पर पहुंचे और ट्रक को हिरासत में ले लिया। जैसे ही ट्रक को पुलिसकर्मियों ने स्टार्ट करने की कोशिश की तो वह स्टार्ट नहीं हो सका। इस पर पुलिसकर्मियों ने दबंगई दिखाते हुए पड़ोस में खड़े एक अन्य ट्रक के दो बैटरे खोल लिये। दूसरे ट्रक के मालिक के साथ चालक और परिचालक ने बैट्री खोलने का विरोध किया तो एसआई ने तीनों की बेरहमी से पिटाई करनी शुरू कर दी। आरोप है कि उक्त दरोगा ने पिस्टल की बट से पीडि़तों पर हमला बोल दिया और गोली मारने की धमकी दी। सूचना पाकर चौकी प्रभारी शीलेश गौतम पुलिस फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार चौकी प्रभारी ने उक्त पुलिसकर्मियों के चंगुल से तीनों पीडि़तों को छुड़ाया और थाने ले गए। पुलिस चौकी आने के बाद स्थानीय पुलिस ने दूसरे ट्रक के मालिक और दो अन्य लोगों को मामला समझने के बाद छोड़ दिया। मामले की सूचना पर भाजपा नेता नरेश तायल ने पुलिस की गुंडई को लेकर थाने पर हंगामा किया। पीड्तिों ने मामले में उच्चाधिकारियों से शिकायत करने की बात कही है।
कोट
देहात कोतवाली की टीम ट्रक की तलाश में यहां आई थी। बैटरे निकालने को लेकर दोनो पक्षों के बीच कहासुनी हुई है। दोनों को सुनने के बाद मामले को शांत करा दिया गया है। - रामसेन सिंह, इंस्पेक्टर औरंगाबाद