माई सिटी रिपोर्टर
साहिबाबाद। नोएडा सेक्टर 45 निवासी व्यक्ति की हैबिटेट सेंटर के बाहर खड़ी कार का शीशा तोड़कर चोर लैपटॉप, 35 हजार रुपये, कपड़ेे आदि चोरी कर ले गए। वह कुछ मिनट बाद ही कार के पास पहुंचे तो कार का शीशा टूटा देखकर उन्हें चोरी का पता चला। पीड़ित ने कंट्रोल रूम को सूचना दी। इसके बाद इंदिरापुरम थाने में तहरीर दी। इंदिरापुरम पुलिस रिपोर्ट दर्ज कर आरोपी की तलाश कर रही है।
नोएडा सेक्टर 45 सदरपुर में विजय कुमार गुप्ता परिवार के साथ रहते हैं। उनकी नोएडा सेक्टर 63 में एड एजेंसी है। वह बृहस्पतिवार दोपहर करीब तीन बजे इंदिरापुरम के हैबिटेट सेंटर किसी काम से आए थे। चंद मिनट के लिए वह कार बाहर ही खड़ी कर अंदर गए। वापस लौटे तो कार का शीशा टूटा हुआ था। कार में रखे दो लैपटॉप, 35 हजार रुपये से भरा पर्स, आठ सूट के कपड़े और दो साड़ी के बैग गायब था। उन्होंने काफी तलाश की लेकिन कुछ पता नहीं चला। पीड़ित ने बताया कि जहां पर उन्होंने कार खड़ी की थी वहां से चंद कदम पर सुरक्षा गार्ड भी बैठे थेे। आरोप है कि उन्होंने मॉल के लगे सीसीटीवी कैमरे की फुटेज देखने के लिए कहा तो उन्हें सीसीटीवी खराब होने की बात कहकर लौटा दिया गया। इसके बाद उन्होंने कंट्रोल रूम को मामले की सूचना दी। सूचना पाकर पुलिस मौके पर पहुंची और इंदिरापुरम थाने में तहरीर देने की बात कही। एसएचओ इंदिरापुरम संजीव शर्मा ने बताया कि पीड़ित की तहरीर पर रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। मामले की जांच की जा रही है। जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।