लूटे गए वायरलेस सेट के साथ फरार हिस्ट्रीशीटर गिरफ्तार
- हिस्ट्रीशीटर से पुलिस ने स्कॉर्पियो गाड़ी भी की बरामद
संवाद न्यूज एजेंसी
लोनी।
बदरपुर गांव से दस सितंबर काे पुलिस पर हमला कर छुड़ाए गए हिस्ट्रीशीटर को बुधवार रात गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस ने अलीपुर बांध स्थित यमुना की ठोकर नंबर सात से पकड़ा है। हिस्ट्रीशीटर के पास से लूटा गया वायरलेस सेट और स्कॉर्पियो गाड़ी बरामद हुई है । पुलिस आरोपी से पूछताछ करने में जुटी है।
एसपी देहात नीरज जादौन ने बताया की खनन और पशु क्रूरता अधिनियम के हिस्ट्रीशीटर नसरुद्दीन और काला निवासी बदरपुर को गिरफ्तार कर लिया गया है। उसे रात करीब 9 बजे अलीपुर बांध स्थित यमुना की ठोकर नंबर 7 से पकड़ा है। बताया कि हिस्ट्रीशीटर नसरुद्दीन को बीती 10 सितंबर को पुलिस टीम गिरफ्तार करने बदरपुर गांव गई थी। इसी दौरान उसके साथियों ने पुलिस की गाड़ी को टक्कर मारकर छुड़ा लिया था। बदमाशों ने हमले के दौरान वायरलेस सेट भी लूट लिया था। मामले में 17 नामजद समेत 40 लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई थी। पुलिस की चार टीमें आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए संभावित स्थानों पर दबिश दे रही थी। फिलहाल नसरुद्दीन से लूटे गए वायरलेस के संबंध में पूछताछ की जा रही है। पूछताछ के बाद आरोपी को जेल भेज दिया जाएगा।