खुर्जा। कोतवाली नगर पुलिस ने हत्या के मामले में वांछित 25 हजार के इनामी बदमाश अफनान को पुराना जीटी रोड स्थित रेलवे फाटक के निकट से मुखबिर की सूचना पर गिरफ्तार लिया। साथ ही उससे एक तमंचा और दो कारतूस बरामद किए हैं। पुलिस ने बदमाश को जेल भेज दिया है।
खुर्जा कोतवाली प्रभारी एमके उपाध्याय ने बताया कि विगत 30 अप्रैल 2019 को गांव मीरपुर निवासी मौज्जम अली खान की घर जाते समय गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। मामले में वांछित चल रहे आरोपी अफनान की पुलिस को तलाश थी। अब सोमवार रात पुलिस को चेकिंग के दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि 25 हजार का इनामी अफनान पुरानी जीटी रोड स्थित रेलवे फाटक के निकट कहीं जाने की फिराक में खड़ा है। पुलिस ने तत्काल मौके पर पहुंचकर उसे पकड़ लिया। तलाशी लेने पर उसके पास से एक तमंचा और दो कारतूस बरामद किए हैं। कोतवाली प्रभारी ने बताया कि उक्त हत्याकांड में पूर्व में खुलासा कर दिया गया था और दो आरोपियों को इस मामले में पूर्व में ही जेल भेजा जा चुका है। हत्या के मामले में पांच मार्च 2020 को अफनान का नाम प्रकाश में आया था। जिसको लेकर गिरफ्तारी नहीं होने पर 25 हजार का इनाम घोषित किया गया था। अब पकड़े गए आरोपी को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है।