बुलंदशहर। सिकंदराबाद थाना क्षेत्र में रजवाहे की पटरी पर सोमवार सुबह पशु आहार व्यापारी के मुनीम शहजाद से हुई लूट का पुलिस ने 12 घंटे बाद खुलासा कर दिया है। हालांकि, पुलिस ने अभी तक तीन शातिर लुटेरों को ही दबोचा है, और दो शातिर अभी भी फरार हैं। पकड़े गए आरोपियों के पास से 1.65 लाख रुपये की नगदी भी बरामद कर ली गई है। तीनों आरोपियों लाखन, अमित और नूरू को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है।
एसएसपी संतोष कुमार सिंह ने मंगलवार दोपहर को पुलिस लाइन सभागार में प्रेसवार्ता की। जिसमें उन्होंने बताया कि सिकंदराबाद थाना क्षेत्र के गांव कांवरा निवासी औरंगजेब पुत्र माहिल अली ने सोमवार को एफआईआर दर्ज कराई थी। जिसमें उसने बताया था कि वह अपने भतीजे शहजाद पुत्र फरहत अली के साथ अपने गांव कांवरा से सिकंराबाद बाइक से जा रहा था। शहजाद के कंधे पर एक बैग लटका हुआ था। जिसमें 2.18 लाख रुपये की नगदी थी। जब वह शराब के ठेके से करीब 100 मीटर दूर रजवाहे की पटरी पर पहुंचे तो पीछे से एक स्कूटी पर सवार दो अज्ञात बदमाश आए और उनकी बाइक के आगे अपनी स्कूटी लगाकर शहजाद पर तमंचे की बट से वार किया। इसके बाद आरोपी रुपयों से भरा बैग लूट कर भाग गए। जिसके बाद पुलिस टीम मामले की जांच पड़ताल में जुट गई थी। टीम को मंगलवार सुबह सूचना मिली कि लूट के आरोपी सिरौंधन रोड पर स्थित एक ट्यूबवैल पर एकत्रित होकर लूटी गई रकम का बंटवारा कर रहे हैं। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर घेराबंदी कर तीन आरोपियों को दबोच लिया। जिनकी शिनाख्त लाखन पुत्र बृजपाल निवासी रूई का पेच सिकंदराबाद, अमित पुत्र ब्रह्म सिंह निवासी गांव खगुआ बास थाना सिकंदराबाद व नूरू उर्फ नूर मोहम्मद निवासी मोहल्ला शेखवाड़ा थाना सिकंदराबाद के रूप में हुई। मौके से आरोपियों के पास से लूटी गई रकम के 1.65 लाख रुपये बरामद किए और लूट में शामिल स्कूटी व दो अवैध असलहे भी बरामद किए गए हैं। एसएसपी ने बताया कि लूट की योजना लाखन ने बनाई थी, जिसमें उसने अपने चार साथियों को शामिल किया था। तीन आरोपियों को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है। जबकि, फरार दो आरोपियों की तलाश की जा रही है।