माई सिटी रिपोर्टर
गाजियाबाद। उर्वरकों की कालाबाज़ारी रोकने के लिए कृषि विभाग द्वारा लगातार छापेमारी चल रही है। इसी के क्रम में मंगलवार को टीम ने चारों ब्लॉक के 20 दुकानों पर छापेमारी की। इनके अलावा नमूने भी भरे गए। इसके अलावा नियमों का उल्लंघन करने पर नौ दुकानदारों को नोटिस दिया गया है।
मंगलवार को 20 से अधिक दुकानों, केंद्रों और गोदामों पर छापेमारी की गई और टीम ने उर्वरकों के चार नमूने भी लिए। इन नमूनों को जांच के लिए प्रयोगशाला भेज दिया गया। जिला कृषि अधिकारी डॉ राकेश कुमार मौर्य ने बताया कि नकली उर्वरक की बिक्री और कालाबाजारी रोकने के लिए विभाग का अभियान जारी है। इसके लिए मुरादनगर, लोनी, रजापुर और भोजपुर ब्लॉक के लिए शासन के आदेश पर टीम गठित की गई हैं। प्रत्येक टीम ने अपने अपने क्षेत्र में छापेमारी कर दुकानों पर उर्वरक की जांच की। छापेमारी के दौरान किसी भी उर्वरक प्रतिष्ठान पर किसी तरह की कोई कालाबाजारी नहीं पाई गई। चार सैंपल लिए गए हैं जिसे प्रयोगशाला भेज दिया गया है। जांच रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।