बुलंदशहर। सूबे में कोरोना जांच किट में घोटाला सामने आने के बाद शान ने जनपद से भी कोरोना जांच किट की खरीद का ब्योरा मांगा है। वहीं, सीडीओ के अनुसार सभी ग्राम पंचायतों से इसकी जानकारी मांगी जा रही है। पूरी रिपोर्ट बनाकर जल्द शासन को भेज दी जाएग।
प्रदेश के कुछ जिलों में कोरोना की जांच के लिए खरीदी गई किट में धांधली सामने आने पर शासन ने एसटीएफ को जांच के आदेश दे दिए हैं। बताया जा रहा है कि कोरोना जांच किट निर्धारित मूल्य से अधिक में खरीदी गई हैं। मामले की जांच एसटीएफ कर रही है। इसी क्रम में शासन ने जनपद से भी ब्यौरा मांगा है। शासन से आदेश मिलने के बाद जिला प्रशासन ने सभी ग्राम पंचायतों में खरीदी गई किट का विवरण मांग लिया है। जनपद की 951 ग्राम पंचायतों में भी तीन हजार रुपए की किट खरीदने का मामला सामने आ रहा है। सीडीओ अभिषेक पांडेय ने बताया कि शासन का आदेश मिलने के बाद सभी ग्राम पंचायतों से खरीदी गई किट की जानकारी मांग ली गई है। किट के वाउचर प्राप्त कर यह पता किया जाएगा की किट कितने रुपए में खरीदी गई है। पिछले दिनों यह किट ग्राम पंचायतों में कोरोना टेस्ट के लिए खरीदी गई थी। इस कार्य को पूरा करने में आशा और आंगनबाड़ी आदि का सहयोग लिया गया है। सभी ग्राम पंचायतों से पूरा ब्यौरा जल्द ही शासन को रिपोर्ट भेज दी जाएगी।