ससुराल पक्ष के खिलाफ दर्ज कराई बेटी को मारने की रिपोर्ट
- एक अगस्त को जीसी ग्रांड सोसायटी स्थित फ्लैट में पंखे से लटका मिला था महिला का शव
- महिला के पिता ने चार लोगों के खिलाफ थाना इंदिरापुरम में रिपोर्ट दर्ज कराई
माई सिटी रिपोर्टर
साहिबाबाद। थाना इंदिरापुरम में लड़की पक्ष के लोगों ने पति समेत सुसराल पक्ष के चार लोगों के खिलाफ बेटी को फांसी देकर मारने का आरोप लगाते हुए शिकायत दी है। पुलिस ने लड़की पक्ष की शिकायत पर मामले की जांच शुरू कर दी है।
शालीमार गार्डन में रहने वाले कृष्ण कुमार शर्मा ने वर्ष 2008 में अपनी बेटी प्रीति शर्मा की शादी इंदिरापुरम के वैभव खंड स्थित जीसी ग्रांड सोसायटी में रहने वाले विनोद गर्ग से की थी। उनका आरोप है कि शादी के बाद से पति उनकी बेटी को लगातार प्रताड़ित कर रहा था। लड़के के माता - पिता और भाई उसे लगातार उकसाते थे। कई बार पंचायत कर समझौता हुआ लेकिन बेटी के साथ मारपीट नहीं रूकी। यह लोग उससे जान से मारने की भी धमकी देते थे। एक अगस्त को उनको सूचना मिली कि उनकी बेटी को मार दिया गया है। वह अपने परिवार के लोगों के साथ जीसी ग्रांड सोसायटी स्थित फ्लैट पर पहुंचे तो वहां पर कोई नहीं था। घर पर लगे सीसीटीवी कैमरे टूटे हुए थे। उनकी बेटी पंखे से लटकी हुई थी। उसी दौरान पुलिस भी सूचना पर पहुंच गई। पुलिस बेटी के शव को पंखे से उतारा। उस वक्त बेटी के शरीर पर गंभीर चोटों के निशान थे। उनका आरोप है कि सुसराल वालों ने उनकी बेटी की हत्या कर शव को पंखे से लटका दिया और वहां से फरार हो गए। उन्होंने पति विनोद कुमार, ससुर कल्लुमल, जेठ दीपक गर्ग और सास रानी गर्ग के खिलाफ थाना इंदिरापुरम में रिपोर्ट दर्ज कराई है।