वैशाली में बिजली की आंख-मिचौली से लोगों की बढ़ी दिक्कत
- छात्र-छात्राओं को ऑनलाइन क्लास और ऑफिस वालों को होती है नेट प्रॉब्लम
माई सिटी रिपोर्टर
साहिबाबाद।
बिजली की आंख मिचौली से वैशाली सेक्टर-2 के लोग काफी परेशान हैं। लोगों को अचानक डीम लाइट होने से भी विद्युत उपकरण फुंकने का डर लगा रहता है। आरोप है कि पिछले दो दिनों से रात से लेकर अगले दिन तक बिजली की आंख मिचौली के कारण लोगों को घर और ऑफिस का काम करने में दिक्कत महसूस हुई। इसकी सूचना लोगों ने विभाग के अधिकारियों को मेसेज के द्वारा दी।
यहां रहने वाले बृजपाल रावत का कहना है कि सेक्टर-2डी की कई गलियों में बीते दो दिनों से बिजली की आंख-मिचौली का खेल बढ़ गया है। लोगों को गर्मी में जैसे-तैसे रात गुजारनी पड़ी। कुछ समय बाद बिजली सप्लाई हुई तो उसकी वोल्टेज काफी कम थी। इसमें लोगों को उपकरण फुंकने का डर सताने लगा। लोगों का कहना है कि काफी देर तक वह विभाग में हेल्पलाइन नंंबर पर फोन मिलाते रहे। जिसमें कंट्रोल रूम का फोन किसी ने नहीं उठाया तो अन्य अधिकारियों का फोन नोट रिचेबल या फिर कवरेज एरिये से बाहर था। बृहस्पतिवार सुबह को बिजली सप्लाई नॉर्मल हुई तो कुछ समय बाद फिर से आंख मिचौली शुरू हो गई। इसमें लोगों को ऑफिस और घर का काम भी नहीं हो पाया। वहीं, पानी न भर पाने की वजह से उन्हें बोतल बंद पानी खरीदना पड़ा।
---------------------
सुमित कुमार