बुलंदशहर। नगर कोतवाली क्षेत्र की एक कालोनी निवासी छात्रा के साथ कालोनी निवासी युवक एक तरफा प्रेम करता है। पीडि़ता का आरोप है कि आरोपी उसे शादी का दबाव बना रहा है और शादी न करने पर उसे हत्या की धमकी दे रहा है। पीडि़ता की शिकायत पर पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर जांच पड़ताल शुरू कर दी है। हालांकि, आरोपी मनचला अभी पुलिस के चंगुल से दूर हैं।
जानकारी के अनुसार नगर कोतवाली क्षेत्र की एक कालोनी निवासी 21 वर्षीय युवती ग्रेजुएशन कर रही है। छात्रा ने पुलिस को बताया कि उसकी कालोनी का रहने वाला युवक योगेश कुमार उसे काफी समय से परेशान कर रहा है। जब वह कॉलेज में जाती थी तो उसका पीछा करता था। उसके साथ अश्लील हरकतें करता था। जब छात्रा ने अपने परिजनों को इस बारे में बताया तो आरोपी ने उसके घर पर आकर धमकी दी। तीन दिन पहले छात्रा बाजार में सामान लेने के लिए जा रही थी। उसी समय आरोपी ने उसका रास्ता रोक लिया और कहा कि यदि उसने उससे शादी नहीं की तो वह उसके पूरे परिवार के साथ साथ उसकी हत्या कर देगा। कभी आरोपी अपहरण करने की धमकी देता है। नगर कोतवाल योगेंद्र कुमार सिंह ने बताया कि युवती की शिकायत पर आरोपी योगेश कुमार के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। आरोपी की तलाश में उसके घर पर दबिश दी गई, लेकिन वह पहले ही भाग निकला। उसे जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा।