बकाया जमा ना होने तक अब नहीं जुड़ेगा कनेक्शन
- रघुनाथपुर स्थित अंबुज सिटी का मामला
- स्थाई कनेक्शन के लिए भी बकाया जमा कराना जरूरी
माई सिटी रिपोर्टर
गाजियाबाद। रघुनाथपुर विजयनगर स्थित अंबुज सिटी में लोगों की मुसीबत बढ़ गई हैं। विद्युत निगम ने इस बार साफ कर दिया है कि बकाया जमा न होने तक ना तो कनेक्शन जोड़ा जाएगा और ना ही स्थाई कनेक्शन दिया जाएगा। इस मामले में विद्युत निगम द्वारा बिल्डर पर एफआईआर दर्ज कराने के बाद सोसायटी के कनेक्शन काट दिया था। इससे करीब 150 घरों में बिजली आपूर्ति बंद हो गई है। फिलहाल जेनरेटर बैकअप से घरों को बिजली मुहैया कराई जा रही है।
विद्युत निगम ने रघुनाथपुरी की अंबुज सिटी में नई कालोनी को बसाने के लिए बिल्डर को बिजली का अस्थाई कनेक्शन दिया था। करीब दो साल में पूरी कॉलाेनी बनकर तैयार हो गई और इसमें करीब डेढ़ सौ से अधिक परिवार बस गए। बिल्डर ने अस्थाई कनेक्शन से सभी परिवारों को सप्लाई भी दे दी। 19 महीने तक डेढ़ सौ से अधिक घर की बिजली अस्थाई कनेक्शन से चलती रही। बाद में जब मामला खुला तो अधिकारियों ने सख्ती शुरू की। एक करोड़ 13 लाख रुपये का बिजली का बकाया बिल्डर पर बना।
----
बकाया जमा न होने तक अंबुज सिटी में स्थाई कनेक्शन नहीं दिए जाएंगे। इस मामले में उच्च अधिकारियों के निर्देश से आगे की कार्यवाही की जाएगी।
- गुलशन गोयल, अधिशासी अभियंता डिवीजन-9
----