'दो लाख का इंतजाम कर लो नहीं तो आग लगाकर परिवार को कर दूंगा खत्म...' ये धमकी व्हाट्सएप कॉल करके बदमाश ने गाजियाबाद के मिठाई कारोबारी विकास चंद को दी। विकास चंद का कहना है कि कॉलर ने रूपये का सोमवार शाम तक इंतजाम करने की धमकी दी। मामले में उन्होंने कविनगर पुलिस से शिकायत की है।
विकास गोविंदपुरम में एक मिठाई की दुकान करते हैं। उनका कहना है कि सोमवार सुबह उनके पास व्हाट्सएप नंबर पर कई बार कॉल आई। कॉलर ने कहा शाम तक दो लाख रूपये का इंतजाम कर लो नहीं तो आग लगाकर परिवार को खत्म कर दूंगा।
विकास ने उससे उसका नाम पता और रूपये कहां देने की बात भी पूछी लेकिन कॉलर ने कॉल काट दी और दूसरी कॉल करके फिर से रूपये का इंतजाम करने की बात कहकर धमकी दी। मामले में उन्होंने कविनगर थाने में केस दर्ज कराया है। एसीपी कविनगर अभिषेक श्रीवास्तव का कहना कि मामले की जांच की जा रही है। नंबर को ट्रेस करने का प्रयास करने में टीम लगी है।