थाना कौशांबी क्षेत्र में एक मकान के बेसमेंट में अचानक आग लगने से इलाके में अफरातफरी मच गई। बताया जा रहा है कि मकान के बेसमेंट में ड्रोन कैमरे बनाने का काम किया जा रहा था। इसी दौरान अचानक आग लगने से मौके पर हड़कंप मच गया। आग लगने के कारणों का फिलहाल पता नहीं चल सका है।
घटना की जानकारी मिलते ही दमकल विभाग को सूचना दी गई। सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की टीम तत्काल मौके पर पहुंची और आग बुझाने का काम शुरू किया। बेसमेंट में आग लगने के कारण दमकल कर्मियों को आग पर काबू पाने के लिए कड़ी मशक्कत करनी पड़ी। काफी प्रयासों के बाद फायर विभाग की टीम ने आग पर काबू पा लिया और आग को पूरी तरह बुझा दिया।
घटना के दौरान आसपास के लोगों में भी दहशत का माहौल रहा। आग लगने की सूचना से क्षेत्र में लोगों की भीड़ जुट गई। हालांकि, राहत की बात यह रही कि इस हादसे में किसी के हताहत होने या जनहानि की सूचना नहीं है।
सीएफओ सौरभ सिंह ने बताया कि फिलहाल आग लगने के वास्तविक कारणों का पता लगाया जाना बाकी है। समय रहते दमकल विभाग की टीम के मौके पर पहुंचने और कार्रवाई करने से आग को नियंत्रित करने में सफलता मिली।