शालीमार गार्डन में तीन मंजिला इमारत में लगी आग
- फोटो : अमर उजाला
साहिबाबाद के शालीमार गार्डन में शिव चौक के पास तीन मंजिला चार्म्स बिल्डिंग में बुधवार दोपहर आग लग गई। शॉर्ट सर्किट से आग बुटीक की दुकान से शुरू होकर आसपास की दुकानों में भी फैल गई। अग्निशमन की तीन गाड़ियों की मदद से कर्मियों ने महज 10 मिनट में मौके पर पहुंचकर आग पर काबू पाया। फिलहाल आग से कोई जनहानि नहीं हुई है।
आग की सूचना पर डीसीपी ट्रांस हिंडन जोन विवेक चंद्र और एसीपी साहिबाबाद भास्कर वर्मा के साथ मुख्य अग्निशमन अधिकारी राहुल पाल मौके पर पहुंच गए। इससे पहले ही शालीमार गार्डन थाना अध्यक्ष रवि शंकर पांडे के साथ अन्य पुलिसकर्मियों ने मौके पर पहुंचकर मोर्चा संभाला।
थानाध्यक्ष ने अग्निशमन के पहुंचने से पहले दुकानों के अंदर से लोगों को बाहर निकलवाया। इस बीच 2:24 बजे अग्निशमन की एक गाड़ी के साथ कर्मियों ने आग बुझाने का काम शुरू कर दिया। आग पर थोड़ा काबू पाने के बाद एसीपी साहिबाबाद भास्कर वर्मा, शालीमार गार्डन थानाध्यक्ष रवि शंकर पांडे और मुख्य अग्निशमन अधिकारी राहुल पाल ने बिल्डिंग के अंदर घुसकर एक बंद फ्लैट का ताला काटकर वहां लगी आग को बुझाया।
गनीमत रही कि फ्लैट के अंदर कोई व्यक्ति मौजूद नहीं था वरना आग के धुंए से दम घुटने पर बड़ी घटना हो सकती थी। फिलहाल अग्निशमन कर्मियों ने 25 मिनट के कड़ी मशक्कत कर आग पर पूरी तरह काबू पा लिया।