साहिबाबाद में 21 साल से बंद पड़ी बीपीएल कंपनी में भीषण आग
साहिबाबाद। औद्योगिक क्षेत्र साइट-4 की बीपीएल कंपनी में रखी मशीनें और स्क्रैप के पार्ट्स में बृहस्पतिवार शाम करीब साढ़े तीन बजे अचानक आग लग गई। वायुमंडल में आग का धुआं फैलने से आसपास के लोगों को सांस लेने में दिक्कत होने लगी। सूचना पर पहुंचे अग्निशकर्मियों को शुरुआत में आग बुझाने में काफी मशक्कत करनी पड़ी। अधिकारियों ने जेसीबी की मशीन से दरवाजा और दीवार तोड़कर बचाव कार्य के लिए रास्ता बनाया। करीब पांच घंटे की कड़ी मशक्कत में अग्निशमन कर्मियों ने पांच गाड़ियों की मदद से आग पर काबू पाया।
साहिबाबाद फायर स्टेशन के अफसर सत्येंद्र कुमार ने बताया कि साहिबाबाद औद्योगिक क्षेत्र में बीपीएल कंपनी 2002 से बंद पड़ी है। इसमें कंपनी की मशीनें और बाकी स्क्रैप पड़ा हुआ है। कंपनी की देखरेख के लिए एक सुरक्षा गार्ड तैनात रहता है। बृहस्पतिवार शाम साढ़े तीन कंपनी में अचानक आग लग गई। कंट्रोल रूम पर सूचना मिलने के बाद साहिबाबाद स्टेशन से दो गाड़ियां मौके पर भेजी गईं लेकिन उन्हें आग बुझाने के लिए उचित जगह नहीं मिल रही थीं। इसके बाद जेसीबी मंगवाकर गेट और दीवार तोड़कर आग बुझाने का काम शुरू किया। इस बीच घंटाघर कोतवाली और वैशाली फायर स्टेशन से भी तीन गाड़ियां मंगवाई गईं जिनकी मदद से अग्निशमन कर्मियों ने पांच घंटे की कड़ी मशक्कत से आग पर काबू पा लिया। जांच में सामने आया कि कंपनी में वेल्डिंग और कटिंग मशीनों द्वारा दो लोग मशीनें व स्क्रैप को काट रहे थे। वेल्डिंग की चिंगारी से कूड़े में धीरे-धीरे आग सुलगने लगी थी। जैसे ही आग तेजी से फैलने लगी तो वह लोग बिना किसी बताए वहां से भाग गए। सूचना पर मुख्य अग्निशमन अधिकारी राहुल पाल भी पहुंचे। उन्होंने बताया कि आग को साढ़े आठ बजे तक पूरी तह से बुझा लिया गया था। इसके बाद टीम निगरानी में एक घंटे रुकी रही थी।