भ्रष्टाचार पर जीरो टोलरेंस, संसाधनों का गलत फायदा लिया तो होगी कार्रवाई: भूपेंद्र चौधरी
साहिबाबाद। भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष भूपेंद्र चौधरी ने दिल्ली के उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया पर कार्रवाई को लेकर पूछे गए सवाल के जवाब में कहा कि भाजपा भ्रष्टाचार के सख्त खिलाफ है। देश और प्रदेश की जनता ने सरकार को भ्रष्टाचार पर जीरो टोलरेंस की नीति पर चुनकर भेजा है। जिन लोगों ने सरकार को आर्थिक क्षति पहुंचाने का प्रयास किया और संसाधनों का गलत इस्तेमाल किया है। उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई होगी। उन्होंने प्रयागराज में राजू पाल हत्याकांड पर कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अपराधियों के खिलाफ कार्रवाई के आदेश दिए हैं। देश और प्रदेश से माफियाओं को खत्म किया जाएगा।
वह रविवार को शालीमार गार्डन में पीएम नरेंद्र मोदी की मन की बात सुनने के बाद मीडिया कर्मियों से बात कर रहे थे। उन्होंने कहा कि हमारा संगठन कार्यकर्ताओं की मेहनत से आगे बढ़ रहा है। वर्ष 2000 के बाद हमनें कई बड़े कार्यक्रम किए थे जबकि संगठन की दृष्टि से हमेशा सामूहिक रूप से इकट्ठा होना, देश व समाज के विषय पर चर्चा करना और उस क्षेत्र में क्या दिक्कते हैं उन्हें कैसे दूर किया जाए जैसे विचार व तरीके एक साथ बैठने से पता चलता है। आज शाखा की एकता के दम पर हमारा संगठन विश्व में सबसे बड़ा बन चुका है। उन्होंने कार्यकर्ताओं को निकाय चुनाव और 2024 की तैयारियों में जुटने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि जिस तरह प्रधानमंत्री मोदी ने समाज को एक-दूसरे से जोड़े रखा है। उसी तरह हमारी जिम्मेदारी बनती है कि सभी समाज में विभिन्न प्रकार से जनसेवा करने वाले लोगों को संगठन से जोड़ने का काम करें। देश में डिजिटल इंडिया की ताकत कोने-कोने में पहुंच रही है। उन्होंने प्रधानमंत्री द्वारा मन की बात में जारी एप ई-संजीवनी की प्रशंसा की। उन्होंने कहा कि हमें अपने त्योहार वोकल फॉर लोकल के संकल्प के साथ मनाने चाहिए। हमें संकल्प लेना चाहिए कि समाज के हर वर्ग के साथ-साथ युवाओं को जोड़कर नए भारत का निर्माण कर देश को दुनिया में नंबर एक बनाना है। इसके बाद उन्होंने वीर सावरकर की पुण्यतिथि पर शालीमार गार्डन स्थित सावरकर प्रतिमा पर पुष्प अर्पित किए। इस बीच महानगर संयोजक संजीव झा, बूथ अध्यक्ष राहुल शर्मा, संचालक महामंत्री पप्पू पहलवान, महानगर प्रभारी अमित बाल्मीकि, दर्जा प्राप्त राज्य मंत्री कैप्टन विकास गुप्ता, पृथ्वी सिंह, गोपाल अग्रवाल, राजेश त्यागी, सुशील गौतम, अश्वनी शर्मा, प्रदीप चौधरी, धीरज अग्रवाल, प्रतीक माथुर, वीरेंद्र त्यागी, सरदार सिंह भाटी, श्याम शर्मा, दीपक राघव, संदीप पाल, संदीप वर्मा, नीरू शर्मा मौजूद रहीं।