छात्रा के फोटो पर कमेंट कर मनचला सोशल मीडिया पर कर रहा शेयर
खोड़ा। ये लड़की मुझे बहुत प्यार करती है और मैं भी इससे बहुत प्यार करता हूं... ये बातें लिखकर एक मनचला बीकॉम सेकंड ईयर की छात्रा के फोटो पर लिखकर उसे ब्लैकमेल कर रहा है। छात्रा का आरोप है कि मनचले ने उसकी फोटो को फेसबुक पर शेयर किया और उसके गांव तक उसे बदनाम किया। वह उसकी शादी किसी और से नहीं होने देना चाहता। छात्रा की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
छात्रा खोड़ा में अपने परिवार के साथ रहती है। छात्रा ने बताया कि आरोपी पिछले दो साल से उसे परेशान कर रहा है। कभी उसके पिता के फोन पर कॉल करके धमकी देता है तो कभी उसे कॉल करता है। आरोप है कि वह कई बार आरोपी की शिकायत महिला हेल्प लाइन पर कर चुकी है, लेकिन इसके बाद भी कोई कार्रवाई नहीं हुई। ऐसे में आरोपी के हौसले इतने बुलंद हो गए हैं कि वह अब उसकी फोटो पर ये लड़की मुझे बहुत करती हैं और मैं भी इससे बहुत प्यार करता हूं.. लिखकर फोटो वायरल कर रहा है।
छात्रा का आरोप है कि विरोध करने पर आरोपी परिवार वालों को जान से मारने की धमकी दे रहा है। छात्रा का आरोप है कि आरोपी अनुराग ठाकुर बैंक के एक ठगी के मामले में जेल भी जा चुका है। वहीं, इस मामले में सहायक पुलिस आयुक्त इंदिरापुरम स्वतंत्र कुमार सिंह का कहना है कि मामले की जांच कर कार्रवाई की जाएगी।