सुप्रीम कोर्ट के अधिवक्ता समेत दो लोगों की गाड़ी के पहिये चोरी
साहिबाबाद। रामप्रस्था के बी और सी-ब्लॉक में मंगलवार रात चोर सुप्रीम कोर्ट के अधिवक्ता डॉ. सौरभ कपूर और उनके पड़ोसी अर्पण जैन की गाड़ियों के चार-चार पहिये चोरी कर ले गए। दोनों गाड़ियां घर के बाहर पार्किंग में खड़ी थीं। चोर सफेद रंग की गाड़ी से आए और दोनों गाड़ियों को जैक की मदद से ऊपर उठाकर चोरी कर फरार हो गए। लिंक रोड पुलिस सीसीटीवी फुटेज से चोरों की पहचान कर रही है।
अधिवक्ता डॉ. सौरभ कपूर ने बताया कि ग्रैंड विटारा गाड़ी को उन्होंने कुछ महीनों पहले खरीदा था। सोमवार को वह गाड़ी से सुप्रीम कोर्ट वकालत करने गए थे। वहां से लौटकर गाड़ी घर के बाहर खड़ी की थी। उनके पड़ोसी अर्पण जैन ने भी होंडा अमेज गाड़ी घर की पार्किंग में खड़ी की थी। रात करीब दो बजकर 55 मिनट पर सफेद रंग की गाड़ी में चोर घर के बाहर आकर रुके। उसमें से एक चोर नीचे उतरा और गाड़ी में जैक लगाकर उसे ऊपर उठा दिया। फिर दूसरे चोर की मदद से चारों पहिये चोरी कर लिए। यहां घटना करके चोर ने पड़ोसी अर्पण जैन की गाड़ी से पहिये चोरी कर फरार हो गए।
कौशांबी और लिंक रोड थाना क्षेत्र में लगातार बढ़ रहीं घटनाएं:
कौशांबी और लिंक रोड थाना क्षेत्र में गाड़ियों के पहिये चोरी करने वाले गिरोह ने पुलिस को खुली चुनौती दी हुई है लेकिन पुलिस गश्त करने के नाम पर महज खानापूर्ति में लगी है। 29 जनवरी को चोरों ने वैशाली सेक्टर-3 में जगपाल सिंह भाटी और सेक्टर-4 में सचिन यादव की नई गाड़ियों के पहिये चोरी की घटना को अंजाम दिया। 10 जनवरी को इंदिरापुरम की शिप्रा रिवेरा सोसायटी में चार्टर्ड अकाउंटेंट आनंद कुमार दुबे और पड़ोसी सक्षम कौशिक की दो गाड़ियों के चोरों ने पहिये चोरी कर लिए थे। बावजूद इतनी घटनाओं के पुलिस मामलों की खानापूर्ति करने में लगी है। एसीपी पूनम मिश्रा का कहना है कि चोरों की पहचान करने के लिए सीसीटीवी फुटेज चेक कर रहे हैं। गिरोह के रिकॉर्ड भी खंगाले जा रहे हैं।