एलिवेटेड रोड को गाजियाबाद का पार्टी हॉल बताकर रील बनाने वाले दो युवकों को इंदिरापुरम पुलिस ने रविवार को गिरफ्तार कर लिया है। दोनों ने एलिवेटेड रोड पर कार पर स्टंट कर रील बनाई थी। पुलिस ने कार को भी सीज कर दिया। पुलिस अब दूसरी वायरल वीडियो से स्टंटबाजों की पहचान कर रही है।
एसीपी इंदिरापुरम स्वतंत्र कुमार सिंह ने बताया कि वीडियो से युवकों की पहचान अर्जुन त्यागी निवासी शालीमार गार्डन और गुरसेवक सिंह निवासी राज हाइट्स सोसायटी साहिबाबाद के रूप में हुई है। दोनों रील बनाकर एलिवेटेड रोड को गाजियाबाद का पार्टी हॉल बता रहे थे।
इस दौरान उन्होंने गाड़ी को गलत तरीके से खड़ा किया था, जिस कारण एलिवेटेड रोड पर फर्राटा भरते वाहन चालकों पर खतरा बना हुआ था। एसीपी का कहना है कि दूसरी वायरल वीडियो में स्टंटबाज खतरनाक तरीके से गाड़ी की खिड़की खोलकर बाहर खड़े होकर स्टंट करते नजर आ रहे थे। उनकी भी पहचान करने के लिए टीम अलग-अलग एंगल से जांच कर रही है।