सीआईएसएफ रोड पर नग्न घूमता मिला रेलवे कर्मचारी
इंदिरापुरम। इंदिरापुरम कोतवाली पुलिस का रविवार रात मानवीय चेहरा सामने आया। जब डायल-112 पर सूचना मिली कि पांच डिग्री तापमान के बीच 49 साल का व्यक्ति पैरों में जूते पहने है लेकिन उसके शरीर पर एक भी कपड़ा नहीं है। वह नग्न अवस्था में सीआईएसएफ रोड पर घूम रहा है। तत्काल इंदिरापुरम पुलिस मौके पर पहुंची और व्यक्ति को कब्जे में लेकर उसे लोअर व जर्सी पहनाई। जांच में पता चला कि वह व्यक्ति देहरादून में रेलवे का सरकारी कर्मचारी है। पुलिस ने उसे वसुंधरा अस्पताल में भर्ती कराकर परिजनों को सूचना दी।
एसीपी इंदिरापुरम स्वतंत्र कुमार सिंह ने बताया कि एक राहगीर ने नग्न अवस्था में घूमते हुए व्यक्ति की सूचना दी थी। इंदिरापुरम कोतवाली के थाना प्रभारी देवपाल सिंह पुंडीर को मौके पर भेजा। उसे वसुंधरा अस्पताल में भर्ती कराया। वहां जांच में पता चला कि रेलवे कर्मचारी मानसिक रूप से अस्वस्थ है। उसके बारे में पता चला कि वह मनोहर लाल गुर्जर (49) निवासी खुरडा थाना चितावा जनपद नागौर राजस्थान है। तीन दिन पहले वह राजस्थान से देहरादून के लिए घर से निकला था। वह देहरादून में रेलवे का ट्रैक मैन है। वह देहरादून जाने के बजाय इंदिरापुरम क्षेत्र में बस से उतर गया था। उसके बाद वह कपड़े उतारकर घूमने लगा था। परिजनों ने चितावा थाने में उसकी गुमशुदगी कराई थी। इंदिरापुरम कोतवाली पुलिस ने रात में ही गांव के सरपंच को फोन किया और परिजनों का पता किया। रविवार दोपहर परिवार के लोग इंदिरापुरम कोतवाली पहुंचे और मनोहर को उनके सुपुर्द किया।