सड़क पर रोते बच्चे का कौशांबी थाने में काटा केक
कौशांबी। कौशांबी में रविवार को क्रिसमस के दिन लाल रंग का ब्लेजर पहने सड़क पर रो रहे बच्चे की परेशानी सुनकर पुलिस भी हैरान हो गई। बच्चे का कहना था कि मां ने कभी उसका न जन्मदिन मनाया और न ही सांता क्लॉज की ड्रेस दिलवाई। इस पर एसआई अमित सोनी उसे थाने ले आए। वहां पुलिस कर्मियों ने बच्चे के माता पिता को बुलाकर केक कटवाया और गिफ्ट दिया। पुलिस के इस कार्य को देखकर छात्र काफी खुश हुआ।
कौशांबी थाना प्रभारी निरीक्षक प्रभात दीक्षित ने बताया कि खोड़ा के दीपक विहार निवासी अमरीश का बेटा शिवम रविवार सुबह बिना बताए अचानक बाहर निकल गया था। वह अपना जन्मदिन और क्रिसमस नहीं मनाने की वजह से रो रहा था। थाने के अंदर शिवम का केक काटकर उसे सांता क्लॉज की ड्रेस मंगवा कर गिफ्ट के रूप में दी गई। मां गीता ने बताया कि रविवार को स्कूल के कई छात्र-छात्राएं सांता क्लॉज की ड्रेस पहनकर पहुंचे थे, लेकिन वह अपनी स्थिति की वजह से बच्चे के लिए ड्रेस नहीं ले पाए थे। ऐसे में उन्होंने शिवम को घर के कपड़ों में ही स्कूल भेज दिया था। बाद में पता चला कि वह स्कूल तो नहीं पहुंचा, लेकिन रोते हुए कौशांबी की तरफ चला गया था। अमरीश और गीता ने कौशांबी पुलिस के इस कार्य की सराहना की है।