कार की छत पर बैठकर युवक ने किया स्टंट
साहिबाबाद। दिल्ली-वजीराबाद रोड पर कार की छत पर बैठकर खतरनाक स्टंट करते एक युवक का वीडियो वायरल हो रहा है। वीडियो में छत पर बैठा युवक करीब पांच किलोमीटर तक उत्पात करता नजर आ रहा है। गनीमत रही कि स्टंट के दौरान युवक के साथ कोई घटना नहीं हुई। मामले में पुलिस ने अभी तक केस दर्ज नहीं किया है।
टीलामोड़ थाना पुलिस ने करीब 29 सेकेंड के वायरल वीडियो की जांच शुरू कर दी। पता चला कि गाड़ी ग्रेटर नोएडा के एक युवक की है। वायरल वीडियो भोपुरा से शालीमार गार्डन तक की बताई जा रही है। चालक गाड़ी को इतनी रफ्तार से दौड़ा रहा था कि यदि कोई बाइक या साइकिल सवार उसके सामने आ जाता तो दोनों लोग बुरी तरह घायल हो जाते। वीडियो को पीछे बाइक पर चल रहे युवक ने बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया। टीलामोड़ थाना प्रभारी भुवनेश कुमार का कहना है कि गाड़ी ग्रेटर नोएडा के एक युवक के नाम पर पंजीकृत है। उसकी पहचान की जा रही है। मामले में मुकदमा लिखकर कार्रवाई की जाएगी।