थाने से 700 मीटर दूर कार का शीशा तोड़कर नकदी, लैपटॉप चोरी
इंदिरापुरम। थाने से 700 मीटर दूर वसुंधरा सेक्टर-11 स्थित सनराइज मॉल से संतोष कुमार की कार का शीशा तोड़कर चोरों ने लैपटॉप और 50 हजार की नकदी व अन्य सामान चोरी कर लिया। वह पत्नी के साथ मॉल में खरीदारी करने गए थे। चोरी की घटना सीसीटीवी में कैद हो गई। इंदिरापुरम पुलिस ने चोरी का मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
वसुंधरा सेक्टर-5 की ओलिव काउंटी सोसायटी निवासी संतोष कुमार सिंह शाम साढ़े छह बजे पत्नी के साथ सनराइज मॉल गए थे। गाड़ी सड़क किनारे खड़ी कर वह सामान लेने चले गए। 30 मिनट बाद वापस आए तो कार का पीछे वाला शीशा टूटा हुआ था। चोर सीट पर रखे बैग से ब्रांडेड कंपनी का लैपटॉप, 50 हजार रुपये, डेबिट व क्रेडिट कार्ड, पैन कार्ड, आधार कार्ड, वोटर कार्ड व अन्य कागजात चोरी कर ले गए। उन्होंने चोरी की सूचना पुलिस कंट्रोल रूम पर दी। मौके पर पहुंची पीआरवी के पुलिसकर्मियों ने मॉल में लगे सीसीटीवी कैमरे चेक किए। उसमें बाइक सवार चोर घटना को अंजाम देते हुए कैद हो गए। आरोप है कि शिकायत लेकर पुलिस ने मुकदमा लिखने के लिए काफी परेशान किया। उसके बाद उन्होंने आला अधिकारियों से फोन कराया तब पुलिस ने चोरी का मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की। सीओ इंदिरापुरम स्वतंत्र कुमार का कहना है कि चोरों की पहचान की जा रही है।