सिर पर हथौड़ा मारकर साथी ने की मिस्त्री की हत्या
वसुंधरा। सेक्टर नौ स्थित वेल्डिंग वर्क्स की दुकान में सोमवार सुबह सो रहे मिस्त्री वकील (25) की उसके साथी राजेश ने सिर पर हथौड़ा मारकर हत्या कर दी। सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने जांच पड़ताल की। पुलिस ने तीन घंटे बाद आरोपी राजेश को सेक्टर 13 के पीछे एलिवेटिड रोड के पास से गिरफ्तार कर लिया।
हसमुद्दीन ने बताया कि वह अपने छोटे भाई छोटे भाई दिलपुकार अली के साथ मिलकर वेल्डिंग की दुकान चलाते हैं। इंद्रा कॉलोनी देवबंद सहारनपुर निवासी राजेश कुमार, रटौल, बागपत निवासी वकील और उत्तराखंड निवासी उमेश उनकी दुकान पर वेल्डिंग का कार्य करते थे। रविवार रात सवा नौ बजे वह तीनों को खाना खिलाकर दुकान पर छोड़कर चले गए थे। तीनों रात में दुकान में सो गए। सुबह सात बजे वकील की चीख सुनकर उमेश उठा तो उसे लहूलुहान हालत में देखकर वह दुकान के बाहर भागा। वह एक दिन पहले ही दुकान पर कार्य करने आया था। उसने बाहर जाकर पड़ोस के दुकान में कार्य करने वाले सोनू को घटना की जानकारी दी। सोनू ने कॉल कर छोटे भाई दिलपुकार अली को पूरी बात बताई। उसके बाद दिलपुकार ने पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस को दुकान के अंदर खून से लथपथ वकील का शव मिला जबकि राजेश मौके से गायब था। पुलिस ने दिलपुकार अली की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर राजेश की तलाश में टीमों को लगाया। पुलिस ने सर्विलांस व सीसीटीवी फुटेज की मदद से सुुबह करीब सवा दस बजे उसे गिरफ्तार कर लिया।
सिर पर मारा तीन बार हथौड़ा
आरोपी ने वकील के सिर पर दाहिने तरफ हथौड़े से हमला किया था। सिर पर एक ही जगह लगातार तीन से चार बार हथौड़ा मारा। इससे वकील के सिर में गंभीर चोट आई। खून से लथपथ वकील की मौके पर ही मौत हो गई।
शिकायत करने पर वारदात को दिया अंजाम
पुलिस की पूछताछ में आरोपी राजेश ने बताया कि वकील चार साल से दुकान पर काम करता था। वह वहां पर नौ साल से काम कर रहा है। आए दिन उसकी शिकायत वह दुकान के मालिक से करता रहता था। वकील उसे दुकान से भगाना चाहता था। जिससे मालिक के बाद दुकान पर उसका राज हो सके। दो दिन पहले भी राजेश नाराज होकर चला गया था, हालांकि बाद में लौट आया था।