भोपुरा की झुग्गियों में लगी आग रविवार सुबह बुझी
साहिबाबाद। भोपुरा में शनिवार रात को लगी झुग्गियों में आग पर दमकल विभाग की टीम ने करीब साढ़े पांच घंटे में काबू पाया। आग बुझाने में दमकल की आठ गाड़ियां लगी रहीं। पुलिस ने कूड़े में आग लगाने के कारण हादसा होने की बात कही है। वहीं, स्थानीय लोगों ने इसे शरारती तत्वों की करतूत बताई है।
भोपुरा डिफेंस कॉलोनी के पास आवास विकास की जमीन किराये पर देकर कबाड़ का काम कराया जा रहा था। स्थानीय लोगों ने बताया कि जमीन पर करीब 100 से ज्यादा झुग्गियां बसी थी। सीएफओ राहुल पाल ने बताया कि लखनऊ से आग लगने की सूचना पर वैशाली व साहिबाबाद स्टेशन से आठ गाड़ियों ने मौके पर पहुंचकर आग बुझाई। टीम ने 15-20 झुग्गियों को बचा लिया। रविवार सुबह करीब साढ़े पांच बजे आग को पूरी तरह से बुझा दिया गया। टीलामोड़ थाना प्रभारी भुवनेश कुमार ने बताया कि शुरुआती जांच में मामला कूड़े व प्लास्टिक में आग लगाने से होना सामने आया है। शिकायत मिलने पर कार्रवाई कराई जाएगी। झुग्गी में रहने वाले मदरू ने बताया कि रात साढ़े दस बजे के आसपास भी झुग्गियों में आग लगी थी। आग लगने की जानकारी ऑटो वाले ने दी थी। उसके बाद लोगों ने आग बुझा दिया था। उसके कुछ देर बाद झुग्गियों में पीछे की तरफ आग लग गई।
डिफेंस कॉलोनी के घरों को भी नुकसान
आग की चपेट में आने से डिफेंस कॉलोनी के घरों को भी नुकसान पहुंचा। स्थानीय निवासी पप्पू के घर के पीछे लगी खिड़कियां व उसमें लगा एक एसी व कूलर जल गया। जितेंद्र ने बताया कि आग से घर के बाहर खड़ी उनकी कार को भी नुकसान पहुंचा। आवास विकास व पुलिस प्रशासन के अधिकारियों से झुग्गियों को हटाने की मांग की गई। झुग्गियों में कूड़ा आदि जलाने से प्रदूषण की भी समस्या बनी रहती है।
प्रशासन की मिलीभगत से जल रहा कबाड़ : सचिन शर्मा
भारतीय किसान यूनियन (अजगर) के प्रदेश अध्यक्ष सचिन शर्मा ने झुग्गियों में आग लगने की घटना को लेकर रोष जताया। उन्होंने भोपुरा कुटी पहुंचकर प्रदर्शन भी किया। उन्होंने प्रशासन की मिलीभगत से कबाड़ जलाने का आरोप लगाया। उन्हाेंने कहा कि थाना टीला मोड़ क्षेत्र में बड़े पैमाने पर तार व ई कचरा जलाया जा रहा है।