शादी करने जा रहे युवक का एक लाख रुपये से भरा बैग चुराया
साहिबाबाद। कौशांबी डिपो से बलरामपुर में शादी करने जा रहे द्वारका निवासी सतीश दुबे का चोरों ने एक मिनट में एक लाख रुपये से भरा बैग और कपड़े चोरी कर लिए। घटना शुक्रवार दोपहर करीब दो बजे की है। वह पिता जनार्दन दुबे के पास बैग रखकर बस देखने गया था। घटना की सूचना लिंक रोड थाना पुलिस को दी।
सतीश दुबे द्वारका सेक्टर-10 की एक सोसायटी में पिता जनार्दन दुबे के साथ रहता है। वह 12वीं के छात्र भी है। उसने बताया कि पिता के साथ गांव में शादी करने के लिए जा रहा था। दिल्ली आनंद विहार बस अड्डे से निकलकर दोनों पैदल कौशांबी डिपो में पहुंचे। वहां मुख्य गेट पर कई लोगों से बलरामपुर की बस के लिए पूछा लेकिन किसी ने कुछ नहीं बताया। इसके बाद पिता को टीनशेड के नीचे खड़ा कर उन्हें बैग देकर बस देखने चला गया। महज एक मिनट में वापस आया तो वहां से बैग गायब था। उसमें शादी की तैयारियों के लिए एक लाख 700 रुपये और दोनों के कपड़े भी थे। सतीश ने पुलिस को डायल-112 पर फोन किया। लिंक रोड थाने की पुलिस मौके पर पहुंची और सीसीटीवी चेक किया। थाना प्रभारी मनीष बिष्ट का कहना है कि अभी मामले में लिखित शिकायत नहीं मिली है। जांच की जा रही है।