सोफे पर बैठे कर्मी को जड़ा चांटा, जेई के खिलाफ थाने पर हंगामा
खोड़ा। खोड़ा नगरपालिका परिषद के वाहन डिपो में मंगलवार सुबह सोफे पर बैठे कर्मचारी शिवओम ने अवर अभियंता पर चांटा जड़ने का आरोप लगाकर हंगामा शुरू कर दिया। उसे देखकर अन्य कर्मचारी भी भड़क गए। सभी ने खोड़ा थाने पर जेई के खिलाफ धरना-प्रदर्शन किया। दोपहर में कर्मचारियों ने इतवार बाजार पुस्ते पर कूड़ा डालकर यातायात प्रभावित कर दिया। वहीं अवर अभियंता ने भी कर्मचारियों पर बदसलूकी व अभद्रता का आरोप लगाया। दोनों पक्षों ने पुलिस को लिखित शिकायत दी।
नोएडा निवासी शिवओम ने बताया कि सुबह पांच बजे वह अन्य कर्मचारियों के साथ सफाई कर रहा था। सुपरवाइजर आकाश ने उसे वाहन डिपो से पंचिंग मशीन लाने के लिए भेज दिया। वह जब सोफे पर बैठकर सुपरवाइजर को फोन मिलाने लगा। आरोप है कि निर्माण व सफाई विभाग के अवर अभियंता मदनपाल ने उसे सोफे पर बैठने को लेकर चांटा जड़ दिया और जातिसूचक शब्द बोलकर भगा दिया। इससे अन्य कर्मचारियों का गुस्सा भड़क गया। सभी ने सफाई व्यवस्था बंद कर हड़ताल कर दी।
बाद में संगठन के वरिष्ठ पदाधिकारी जितेंद्र और अन्य के साथ सभी लोग खोड़ा थाने पहुंचे। वहां अवर अभियंता पर कार्रवाई की मांग कर पुलिस को शिकायत दी जिसमें शिवओम ने अवर अभियंता मदनपाल पर थप्पड़ जड़ने व जातिसूचक शब्द बोलने का आरोप लगाया।
कई घंटे तक होता रहा हंगामा व प्रदर्शन, शांत नहीं करा सके अधिकारी:
मामले में दिनभर कई घंटे तक थाने से लेकर खोड़ा नगरपालिका परिषद की मुख्य सड़कों पर हाईवोल्टेज हंगामा चलता रहा। नाराज कर्मचारियों ने इतवार बाजार पुस्ते पर गाड़ियों में भर-भरकर कूड़ा डाल दिया। इससे यातायात प्रभावित हुआ और लोगों को बदबू भी झेलनी पड़ी। इस बीच खाने के सामने की कुछ दुकानों को दुकानदार बंद कर घर चले गए, लेकिन कर्मचारियों के प्रदर्शन को पुलिस या अधिकारी शांत नहीं कर पाए।
ईओ, अवर अभियंता व सफाई नायक ने दी थाने में शिकायत:
पूरे प्रकरण में ईओ शालिनी गुप्ता, अवर अभियंता मदनपाल और सफाई नायक सियानंद ने भी खोड़ा थाना पुलिस को शिकायत दी। ईओ का आरोप है कि थाने पर अधिकारी कर्मचारियों से बात करने पहुंचे थे। वहां सुपरवाइजर जसवीर ने उनसे बदतमीजी व गाली-गलौज कर जान से मारने की धमकी दी। इस तरह लोगों ने सरकारी कार्य में बाधा डालकर उन्हें चेतावनी दी। जेई मदनपाल का कहना है कि कर्मचारी नेता जितेंद्र, मोंटी, शिवओम ने उनसे अभद्रता की और सफाई कार्य रोक दी। इसके साथ उनकी डायरी छीनकर फेंक दी। कई सफाईकर्मी अनुपस्थिति होने पर मिलीभगत से उपस्थिति लगाकर वेतन वसूलते हैं।
खोड़ा थाना प्रभारी योगेंद्र मलिक का कहना है कि दोनों पक्षों से तहरीर मिली है। उसके आधार पर जांच कर मामले में कार्रवाई की जाएगी।