ओएलएक्स से इंजीनियर का रूम मेट बनकर चुराया फोन और डेबिट कार्ड
इंदिरापुरम। ओएलएक्स से सॉफ्टवेयर इंजीनियर विकास यादव का रूम मेट बनकर फोन और एटीएम चोरी करने वाले शातिर मनीष शुक्ला को इंदिरापुरम पुलिस ने गिरफ्तार किया है। उसने इंजीनियर और फरीदाबाद के शिवम के डेबिट कार्ड से आठ मोबाइल खरीद लिए थे। बाद में फोन बेचने के लिए उसने ओएलएक्स पर विज्ञापन भी जारी किया। पुलिस ने उससे चोरी और खरीद के आठ मोबाइल, दो डेबिट कार्ड और 2500 रुपये नकद बरामद किए हैं।
पुलिस अधीक्षक नगर द्वितीय ज्ञानेंद्र कुमार सिंह ने बताया कि अमेठी में खालिस के बाहरपुर निवासी मनीष शुक्ला ने ओएलएक्स पर रूम मेट बनने का विज्ञापन दिया था। वहीं से इंजीनियर विकास यादव ने उसे फोन किया। फिर बातचीत होने पर शातिर ने इंजीनियर को अजय नाम का आधार कार्ड दे दिया और दोनों नीति खंड के फ्लैट में रहने लगे। इस बीच वह इंजीनियर का डेबिट कार्ड, फोन और सोने की चेन चोरी कर फरार हो गया। डेबिट कार्ड से उसने चार मोबाइल खरीदे और उन्हें बेचने के लिए ओएलएक्स पर विज्ञापन डाला। कई दिन तक आरोपी फ्लैट पर नहीं लौटा तो इंजीनियर को शक हो गया। तलाश करने पर उन्हें तीनों सामान गायब मिले। इंदिरापुरम पुलिस ने शिकायत पर मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
मूर्खता से पुलिस के जाल में फंसा शातिर :
पुलिस जांच में सामने आया कि शातिर मनीष शुक्ला इंजीनियर का सामान चोरी कर लखनऊ भागने की फिराक में था और वह गाजियाबाद में किसी जगह किराए पर फ्लैट लेकर रह रहा है। इस दौरान पुलिस ने इंजीनियर के दिए सबूतों को ओएलएक्स पर जांच किया तो शातिर मनीष के फोन बेचने का विज्ञापन सामने आया। इस पर पुलिस टीम ने ग्राहक बनकर उससे बात की और उसे इंदिरापुरम के राजहंस प्लाजा सोसायटी के पास बुला लिया। वहां जैसे ही शातिर फोन बेच रहा था। तभी पुलिस ने उसे दबोच लिया।
फरीदाबाद में भी की घटना :
इंदिरापुरम थाना प्रभारी देवपाल सिंह पुंडीर ने बताया कि शातिर मनीष ने फरीदाबाद में रहने वाले शिवम गुप्ता का रूम मेट बनकर उसका भी फोन और डेबिट कार्ड चोरी कर लिया था। बाद में उसके डेबिट कार्ड से दो मोबाइल खरीद लिए थे।