दोस्त को फंसाने के लिए पुलिस को दी गोली मारने की सूचना
लोनी। ट्रॉनिका सिटी थाना क्षेत्र के राम पार्क कॉलोनी में झगड़े के बाद दोस्त को फंसाने के लिए युवक ने खुद को पेचकश मारकर पुलिस को फर्जी गोली मारने की सूचना दी। युवक ने एक जिंदा कारतूस भी पुलिस को बरामद कराया। मेडिकल रिपोर्ट में खुलासा होने पर पुलिस ने युवक समेत तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
रामपार्क कॉलोनी में रोहित परिवार के साथ रहते हैं। रोहित की दोस्ती कॉलोनी में रहने वाले रिहान से थी। कुछ दिनों पहले दोनों में किसी बात पर झगड़ा हो गया था। शुक्रवार रात रिहान ने रोहित को फर्जी केस में फंसाने की योजना बनाई। योजना के तहत रिहान ने खुद को पेचकश मार लिया। इसके बाद रिहान के भाई मुजीब ने रोहित द्वारा गोली मारने और जान से मारने की कोशिश की तहरीर पुलिस को दी। मामले में मेडिकल के दौरान शरीर में कोई गोली लगने की बात सामने नहीं आई। मामला फर्जी प्रतीत होने पर पुलिस ने सख्ती से पूछताछ की। पूछताछ के दौरान आरोपी ने अपना जुर्म कुबूल किया। पुलिस ने मामले में रिहान, मुजीब और फैजान के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की। ट्रॉनिका सिटी थाना प्रभारी पुनीत कुमार ने बताया कि तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है।
जेब से निकाल कर दिया जिंदा कारतूस
पुलिस के अनुसार फैजान ने अपनी जेब से एक जिंदा कारतूस निकाल कर पुलिस को दिया। इस पर पुलिस ने कहा जिंदा कारतूस कैसे लग सकता है। पुलिस के सवाल पर आरोपी बयान बदलने लगा। यहां से पुलिस को शक हो गया।