फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

महज 16 सेकेंड में भरभराकर गिरा तीन मंजिला मकान

विज्ञापन
विज्ञापन
महज 16 सेकेंड में भरभराकर गिरा तीन मंजिला मकान
विज्ञापन

साहिबाबाद। गरिमा गार्डन में एक तीन मंजिला मकान महज 16 सेकेंड में धाराशाही हो गया। जिस समय यह हादसा हुआ उस समय घर में कोई मौजूद नहीं था। इस घटना के बाद आसपास के लोगों ने अपने मकान भी खाली कर दिए हैं। लोगों का आरोप है कि बिल्डर फ्लैट्स बनाने के लिए खोदाई का काम करा रहा है। जिसकी वजह से सात मकानों में दरारें आ गई है, जो कभी भी गिर सकते हैं।
यह घटना गरिमा गार्डन के ब्राह्मण चौक के पास एफ ब्लॉक की है। यहां शकील अहमद सैफी का तीन मंजिला मकान उनके सामने ही भरभराकर गिर गया। इस घटना के बाद शकील के परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है। शकील का कहना है कि जब से खोदाई शुरू हुई थी, तब से ही शिकायत दी गई थी, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। बुधवार को घर में शकील, उनकी पत्नी, बेटा असरद और एक बेटी और दो मेहमान आए हुए थे। शकील के बेटे ने बताया कि मकान में दरार आने पर करीब 11 बजे वो लोग पुलिस चौकी गए और बिल्डर के खिलाफ शिकायत दी। पुलिस ने कोई मदद नहीं की बल्कि ये भी कह दिया कि अपना घर खाली कर दो। उनके घर के अलावा सात घरों में भी दरारें आई हैं।
विज्ञापन

10 मिनट पहले तक निकाल रहे थे सामान
शकील के बेटे ने बताया कि सामान निकालने के लिए वह अपने घर में घुसे थे। करीब चार बजे मकान हिलने लगा। इसके बाद सभी लोग घर से बाहर निकल आए और अपनी जान बचाई। उनके घर का सामान भी मलबे में दब गया।
1 मिनट 28 सेकंड का वीडियो आया सामने
इस घटना का एक वीडियो भी सामने आया है जो एक मिनट 28 सेकंड का है। इसमें देखा जा सकता है कि लोग घर को देख रहे हैं, पहले घर की पिछली दीवार गिरी और केवल 16 सेकंड में यह घर भरभराकर गिर गया। इसमें शकील की पत्नी की आवाजें आ रही हैं। वह रोते हुए बोल रही हैं ए अल्लाह मेरा घर गिर गया। आसपास के लोग खड़े होकर वीडियो बना रहे हैं।
मकानों की दीवार के पास चल रही थी खोदाई
मौके पर मौजूद लोगों ने बताया कि शालीमार सिटी परिसर में बेसमेंट के लिए खोदाई चल रही है। बुधवार को शकील, आसाराम समेत कई लोगों के घरों की दीवारों से सटाकर बेसमेंट के लिए 20 फीट तक की खोदाई की गई। जिसकी वजह से मकानों में दरारें और शकील का घर गिर गया। इसके बाद लोगों ने पुलिस को मामले की जानकारी दी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
जल्दबाजी में सामान भी घर में छूटा
यहां रहने वाले आशाराम का घर शकील के घर के पास ही है। आशाराम ने बताया कि शकील के घर की दीवार से ही उनकी घर की दीवार लगी हुई थी। बुधवार को उनके घर में भी दरारें आ गई। अपनी जान बचाने के लिए वह अपने परिवार के साथ घर से बाहर निकल गए। उन्होंने बताया कि जल्दबाजी में वो अपने घर से जो सामान निकाल सकते थे, वो निकाला और बाकी का सामान घर में ही छोड़ दिया। आसाराम ने कहा कि इतनी जल्दी तो कोई किराये पर घर भी नहीं देगा। इसलिए आज की रात सड़क पर ही गुजारनी पड़ेगी।
15 मकान में रहते हैं 80 लोग
यहां रहने वाले बोबी ने बताया कि उनकी गली में करीब 15 मकान हैं, जिसमें करीब 80 लोग रहते हैं। बिल्डर ने जब से शालीमार सिटी के लिए खोदाई का काम शुरू कराया है। तब से ही सात-आठ मकानों में दरारें आ गई हैं। कई मकान तो ऐसे हैं जो कभी भी गिर सकते हैं। मकान में दरार आने की शिकायत संबंधित अधिकारी से की गई। मगर किसी ने इस ओर कोई ध्यान नहीं दिया। जिसका खामियाजा लोगों को भुगतना पड़ रहा है और सभी सड़क पर सोने को मजबूर हैं।
क्या बोला बिल्डर
शालीमार सिटी के डायरेक्टर विजय कुमार ने बताया कि 251 फ्लैट बनाने की अनुमति ली गई है। 10 दिन से ही खुदाई कराने का काम चल रहा है। बुधवार को जब शकील के घर में दरारें आईं तो उसे नया मकान बनाकर देने का आश्वासन दिया और उन्हें कहा गया कि कहीं किराए पर घर ले लें। उसका किराया भी देंगे।
विज्ञापन

मुकदमा दर्ज
टीला मोड़ के थाना प्रभारी भुवनेश कुमार ने बताया कि शकील अहमद ने बुधवार को मकान में दरार आने की शिकायत दी थी। जिसके बाद मौके पर पहुंचकर आसपास के घरों को भी खाली करा दिया था खोदाई का काम भी रुकवा दिया था। गीता की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें