छठ के बाद मिलेगा गंगाजल
साहिबाबाद। लोगों को गंगाजल के लिए तीन दिन का और इंतजार करना होगा। अधिकारियों का कहना है कि डासना नहर तक पानी आ चुका है लेकिन छठ की वजह से हिंडन नदी में पानी को डायवर्ट किया जाएगा। जिसकी वजह से 31 अक्तूबर के बाद घरों में गंगाजल पहुंच सकेगा।
बृहस्पतिवार की शाम टीएचए के लोगों को गंगाजल मिलना था लोग इंतजार करते रहे, लेकिन पानी नहीं आया। जल निगम के अवर अभियंता प्रदीप गर्ग ने बताया कि पांच अक्तूबर को हरिद्वार से गंगनहर का पानी रोक दिया गया था। मंगलवार की रात को हरिद्वार से पानी छोड़ दिया गया। तीन दिन में पानी मुरादनगर तक पहुंचना था लेकिन गंगनहर के पानी को हरनंदी में डायवर्ट किया जाएगा। जिस वजह से पानी आने में देरी होगी। गंगनहर का पानी 31 अक्तूबर को प्लांट में पहुंचेगा। इसके बाद ही गंगाजल की आपूर्ति शुरू की जाएगी। उधर, गंगाजल प्लांट प्रभारी उन्मेष शुक्ला ने बताया कि बृहस्पतिवार शाम में डासना नहर में पानी पहुंचा है। प्लांट में पानी भेजने के बारे में कोई सूचना नहीं आई है।
पानी की किल्लत से जूझ रहा टीएचए
हर वर्ष नहर की सफाई के लिए गंगाजल की आपूर्ति बंद की जाती है। इस बार भी 5-6 अक्तूबर की रात से गंगाजल की आपूर्ति बंद कर दी गई थी। इसके बाद निगम के 129 नलकूप, 15-टैंकर और 18 टंकियां से पानी की आपूर्ति करने का दावा किया गया लेकिन कई नलकूप खराब होने की वजह से लोगों तक पर्याप्त पानी नहीं पहुंच सका। इंदिरापुरम, वसुंधरा, वैशाली, राजेंद्र नगर, शहीदनगर, कौशांबी, बृज विहार, सूर्यनगर, चंद्र नगर, रामप्रस्थ आदि स्थानों पर पानी की समस्या बनी हुई है। लोगों को गंगाजल का इंतजार है।
नोएडा को भी भेजा जाता है गंगाजल
जल निगम के अवर अभियंता प्रदीप गर्ग ने बताया कि प्रताप विहार में गंगाजल के दो गंगाजल प्लांट हैं। 100 क्यूसेक प्लांट से 80 नोएडा, 15 इंदिरापुरम, पांच क्यूसेक सिद्धार्थ विहार को गंगाजल मिलता है। जबकि 50 क्यूसेक प्लांट से 23 वसुंधरा, 20 नोएडा और सात क्यूसेक गंगाजल इंदिरापुरम को मिलता है।