विक्रम एंकलेव में धार्मिक स्थल के विस्तार का निर्माण कार्य रोका
साहिबाबाद। विक्रम एंकलेव में बृहस्पतिवार रात साहिबाबाद थाना पुलिस ने स्थानीय लोगों की सूचना पर धार्मिक स्थल के विस्तार के लिए हो रहे निर्माण कार्य को रुकवा दिया। इस बीच पुलिस ने पांच लोगों को हिरासत में लिया है। पुलिस निर्माण कार्य की रिपोर्ट तैयार कर जीडीए को भेजेगी।
थाना प्रभारी प्रदीप कुमार त्रिपाठी का कहना है कि विक्रम एंकलेव में धार्मिक स्थल का बिना किसी मंजूरी या प्रमाण पत्र के विस्तार किया जा रहा था। इसके लिए संबंधित लोगों ने निर्माण सामग्री भी मंगवा ली थी। धार्मिक स्थल के बराबर में एक खाली प्लाट है जिस पर निर्माण कार्य किया जा रहा था। पुलिस ने धार्मिक स्थल के लोगों से विस्तार का पत्र या मंजूरी दिखाने के लिए कहा तो वह कोई लिखित पत्र नहीं दिखा सके। काफी देर तक लोग पुलिस से बहस करते रहे। इस पर पुलिस ने निर्माण के लिए मानचित्र व अन्य कागजात दिखाने को कहा, जिसे निर्माण कराने वाले कोई कागज भी नहीं दिखा पाए। इस पर पुलिस ने काम रुकवा दिया। उन्होंने बताया कि धार्मिक स्थल के लोगों ने प्लाट खरीदा है। इसमें टीन शेड लगाकर नमाज पढ़ाई जाती है। अब मानचित्र के बिना निर्माण कराया जा रहा था। थाना प्रभारी के मुताबिक मामले की जांच करके निर्माण कार्य की रिपोर्ट गाजियाबाद विकास प्राधिकरण को भेजी जाएगी।