दो दिन के अंदर आ सकती है नवजात और आरोपियों की डीएनए रिपोर्ट
खोड़ा। 12 साल की किशोरी से सामूहिक दुष्कर्म के मामले में दो दिन के अंदर नवजात और तीन आरोपियों की डीएनए रिपोर्ट आ सकती है। पुलिस इस रिपोर्ट को कोर्ट में जमा करेगी। वहीं, मामले में तीसरे आरोपी के खिलाफ भी कोर्ट में पुलिस जल्द चार्जशीट दाखिल करेगी। इससे पहले आरोपी दो सगे भाइयों के खिलाफ चार्जशीट कोर्ट में लगा चुकी है। हालांकि मामले का कोर्ट में ट्रायल चलने की वजह से पुलिस डीएनए रिपोर्ट के बारे में ज्यादा कुछ बताने से बच रही है। उधर, किशोरी के परिजनों को अभी तक शासन से रानी लक्ष्मीबाई योजना के तहत मुआवजा नहीं मिला है।
खोड़ा थाना प्रभारी अल्ताफ अंसारी ने बताया कि दो आरोपियों के खिलाफ चार्जशीट लग चुकी है। तीसरे के खिलाफ भी जल्द चार्जशीट दाखिल की जाएगी। कोर्ट में मामले का ट्रायल चल रहा है। फिलहाल सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है जबकि किशोरी की नाबालिग दोस्त को पकड़कर बाल सुधार गृह भेजा जा चुका है। डीएनए रिपोर्ट अभी तक नहीं आई है। उसके लिए प्रयोगशाला के अधिकारियों को रिपोर्ट जल्द भेजने के लिए लिखा गया है। वहीं, किशोरी के पिता ने बताया कि बच्ची की हालत में सुधार हो रहा है। मंगलवार को वह अस्पताल में बच्ची के टांके कटवाने गए थे लेकिन आधे टांके पकने की वजह से चिकित्सकों ने आधे ही टांके काटे। ऐसे में बच्ची को दर्द महसूस हो रहा है। वह सिर्फ दलिया ही खा रही है। उनका कहना था कि अभी तक शासन स्तर से कोई मुआवजा नहीं मिला है।
केस खत्म होने के बाद बेच देंगे मकान
पिता का कहना है कि केस खत्म होने के बाद वह बच्ची के भविष्य के लिए मकान बेच देंगे। जिससे आस पड़ोस के लोग बच्ची के साथ हुई घटना को लेकर परेशान नहीं करें। फिलहाल वह कोर्ट में चल रही कार्रवाई को लेकर व्यस्त हैं।