रेकी कर चोरी की वारदात को अंजाम देता था ताला-चाबी गैंग
साहिबाबाद। घरों के खराब तालों की चाबी बनाने के बहाने रेकी कर चोरी की वारदातों को अंजाम देने वाले ताला-चाबी गैंग के दो बदमाश और एक सराफ को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। तीनों की पहचान मनोज बरनाला निवासी गंधवाना मध्य प्रदेश, सुनील सिंह निवासी दाहोद गुजरात और सराफ युधिष्ठिर निवासी मेरठ के रूप में हुई है। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज से तीनों की पहचान की है।
पुलिस अधीक्षक द्वितीय ज्ञानेंद्र कुमार सिंह ने बताया कि मनोज और सुनील दोनों ताला-चाबी बनाने के बहाने गलियों में घूम-घूम कर बंद फ्लैटों की रेकी करते थे। इसके बाद दोपहर या रात में मौका पाकर चोरी की घटना को अंजाम देते थे। पुलिस ने तीनों से पूछताछ के आधार पर मधुबन थाना और साहिबाबाद की करीब 10 घटनाओं का खुलासा किया है। गैंग के दोनों सदस्य एक जगह चोरी करने के बाद फिर एक दो महीने के लिए दूसरे राज्य में चले जाते थे। वहां खराब तालों की चाबियां बनाने के बहाने लोगों को सामान मंगाने भेज देते थे। इस बीच अलमारी से गहने और नकदी चोरी कर लेते थे।
चोरी के गहनों से बनाई सोने की टिकिया
पूछताछ में दोनों चोरों ने बताया कि चोरी के गहने वह युधिष्ठिर को दे देते थे। युधिष्ठिर उन्हें गलाकर टिकिया बना देता था। जिससे वह आसानी से बेच देते थे। सोने के गहनों की सराफ से सात टिकिया बनाई थी। इसक अलावा पुलिस ने उनके पास से 1200 रुपये नकद और तीन चाकू बरामद किए हैं।