शादी के बहाने युवती से कौशांबी के होटल में दुष्कर्म, जांच शुरू
कौशांबी। दिल्ली की एक युवती ने युवक पर दोस्ती और फिर शादी के बहाने कौशांबी के एक होटल में बुलाकर कोल्ड ड्रिंक में नशीला पदार्थ पिलाकर दुष्कर्म करने का आरोप लगाया है। पूरे मामले में सबसे पहले दिल्ली पुलिस को युवती ने शिकायत की थी। सोमवार को दिल्ली पुलिस ने केस कौशांबी थाना पुलिस को ट्रांसफर कर दिया। बुधवार को पुलिस ने होटल की सीसीटीवी फुटेज खंगाली है। पुलिस गहाई से जांच में जुटी है।
युवक और आरोपी दोनों दिल्ली में रहते हैं। अब युवती का आरोप है कि युवक ने एक बार उससे संपर्क कर दोस्ती की। फिर दूसरी मुलाकात के लिए आरोपी ने कौशांबी के एक होटल में मिलने के लिए बुलाया था। आरोप है कि वहां पर आरोपी ने उसे कोल्ड ड्रिंक में नशीला पदार्थ मिलाकर पिला दिया जिससे वह बेसुध हो गई और फिर उसके साथ दुष्कर्म किया। युवती को कई घंटे बाद होश आया तो वह कमरे में अकेली थी। कपड़े अस्त व्यस्त होने पर उसे शक हो गया। तुरंत परिजनों को सूचना दी। आरोपी को फोन किया तो वह बंद था। युवती का आरोप यह है भी कि कुछ दिनों बाद आरोपी उससे मिला और अश्लील वीडियो का डर दिखाया। इतना ही नहीं, आरोपी ने उसे झांसा दिया कि वह उससे शादी कर लेगा लेकिन कई दिनों तक वह उसे गुमराह करता रहा। युवती ने आरोपी पर लव जिहाद का भी आरोप लगाया है। दिल्ली पुलिस ने केस को कौशांबी पुलिस को ट्रांसफर कर दिया है। थाना प्रभारी प्रभात कुमार दीक्षित का कहना है कि होटल के सीसीटीवी खंगाले गए हैं। मामले की गहनता से जांच कर रहे हैं।