नशीला पदार्थ पिलाकर नाबालिग से किया सामूहिक दुष्कर्म
साहिबाबाद। टीला मोड़ थाना क्षेत्र की 15 वर्षीय नाबालिग से तीन युवकों द्वारा सामूहिक दुष्कर्म का मामला सामने आया है। आरोपी नाबालिग को भोपुरा से जबरन मुरादनगर में एक परिचित की फैक्टरी में ले गए। वहां कोल्ड ड्रिंक में नशीला पदार्थ मिलाकर पिलाया और बेसुध होने पर तीन लोगों ने उससे दुष्कर्म किया। रात में आरोपी नाबालिग को जंगल में फेंककर फरार हो गए। अगले दिन दोपहर तीन बजे होश आने पर नाबालिग ने पिता को फोन कर घटना बताई। टीला मोड़ थाने में तीन के खिलाफ मुकदमा दर्ज हुआ है।
यहां एक कॉलोनी में रहने वाली नाबालिग किशोरी 14 अक्तूबर को साहिबाबाद क्षेत्र में रहने वाली अपनी बुआ के पास गई थी। शाम करीब सात बजे घर लौटते समय उसके पास एक अनजान नंबर से फोन आया। युवक ने नाबालिग को भोपुरा आने के लिए कहा लेकिन वहां पहुंचने से पहले बाइक सवार दो आरोपियों ने किशोरी को जबरन बाइक पर बैठा लिया और उसे मुरादनगर के मकरेड़ा में अपने परिचित की फैक्टरी में ले गए। वहां फैक्टरी मालिक का छोटा भाई भी शामिल था। आरोप है कि तीनों युवकों ने कोल्ड ड्रिंक में किशोरी को नशीला पदार्थ मिलाकर पिला दिया। कुछ देर में वह बेसुध हो गई। इसके बाद आरोपियों ने दुष्कर्म किया। इतना ही नहीं, आरोपियों ने किशोरी को बदहवास हालत में पास के जंगल में फेंक दिया। अगले दिन दोपहर तीन बजे किशोरी को थोड़ा होश आया तो उसे अपने कपड़े अस्त व्यस्त मिले। शक होने पर उसने तुरंत पिता को फोन किया और पूरी घटना बताई। परिजन मौके पर पहुंचे तो किशोरी की हालत को देखकर उनके होश उड़ गए तुरंत मामले की सूचना पुलिस को दी। पुलिस ने किशोरी को मेडिकल के लिए भेजकर टीला मोड़ थाना पुलिस को सूचना दी।
दर्ज कराया नामजद मुकदमा
नाबालिग किशोरी के पिता इस घटना के बाद सदमे हैं। उन्होंने पत्नी के जरिये बेटी से कई बार घटना के आरोपियों के बारे में पता करने का प्रयास किया लेकिन वह गुमसुम बैठी रही। उनका कहना है कि बेटी घर में न तो किसी से बोलती है और ना ही कुछ खाती है। अब बेटी को न्याय दिलाने के लिए उन्होंने टीला मोड़ थाने में साकिब निवासी मुजफ्फरनगर और वजिद निवासी टीला मोड़ और मुरादनगर निवासी फैक्टरी मालिक शौकिन के छोटे भाई के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है।
पुलिस को मिला आरोपियों का सुराग
घटना को अंजाम देने से पहले एक आरोपी ने नाबालिग के पास फोन किया था। इस शक पर नाबालिग के फोन से अनजान नंबर की सीडीआर और सर्विलांस लोकेेशन खंगाली जा रही है। टीला मोड़ थाना प्रभारी भुवनेश कुमार का कहना है कि आरोपी का सुराग मिल गया है। नाबालिग के 164 के बयान दर्ज कर आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।