गृह मंत्रालय में नौकरी दिलाने के नाम पर ठगे ढाई लाख
इंदिरापुरम। दिल्ली के भाजपा सांसद मनोज तिवारी से जान-पहचान बताकर शातिर ने विजय नगर निवासी दिग्वेंद्र सिंह को गृह मंत्रालय में नौकरी लगवाने का झांसा देकर ढाई लाख रुपये ठग लिए। पीड़ित ने मामले में इंदिरापुरम थाने में मुकदमा दर्ज कराया है।
दिग्वेंद्र सिंह ने बताया कि वह इंदिरापुरम के एक रेस्तरां में काम करता है। रेस्तरां में सोमेश मिश्र रोजाना खाना खाने आता था। उसकी सोमेश से अच्छी जान-पहचान हो गई। आरोप है कि सोमेश ने एक दिन उन्हें झांसा दिया कि वह भाजपा के सांसद मनोज तिवारी को जानता है। वह उसकी गृह मंत्रालय में नौकरी लगवा सकता है। इसके एवज में उसे ढाई लाख रुपये देने पड़ेगे। इस पर दिग्वेंद्र ने आरोपी को अपने शैक्षणिक दस्तावेज और ढाई लाख रुपये दे दिए। इसके बाद शातिर ने उसे फर्जी नियुक्ति पत्र व आई कार्ड थमा दिया। वह कागजों को लेकर गृह मंत्रालय पहुंचा तो वहां ठगी का पता चला। थाना प्रभारी देवपाल सिंह पुंडीर का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है। जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।