एप पर टास्क का झांसा देकर उड़ाए 2.44 लाख रुपये
वैशाली। वैशाली सेक्टर-2 में रहने वाली मोनिका उनियाल से शातिर ने एप में टॉस्क कराने का झांसा देकर उनके पिता और भाई के खातों से 2 लाख 44 हजार रुपये की ठगी कर ली। साइबर सेल टीम जांच कर रही है।
मोनिका ने बताया कि चार सितंबर को उनके फोन पर एक लिंक आया था, जिसमें कोई टॉस्क पूरा करने पर कमीशन जीतने का ऑफर दिया था। उन्होंने पिता रविंद्र सिंह और भाई सुमित उनियाल के फोन पर लिंक भेज दिया। इसके बाद एक लिंक पर क्लिक कर पैसे डाले तो उन्हें टॉस्क पूरा करने का मेसेज आया। इसके बाद दूसरे फोन पर भी क्लिक कर पैसे डाले तो उसमें भी टॉस्क पूरा करने का मेसेज आया। आरोप है शातिर ने दोनों के खातों से तीन बार में दो लाख 22 हजार 420 रुपये की ठगी कर ली। बैंक से पैसे कटने का मेसेज आया तो उनके होश उड़ गए। तुरंत साइबर सेल नंबर पर फोन किया और पुलिस को लिखित शिकायत दी। पुलिस ने फोन नंबर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। कौशांबी थाना प्रभारी प्रभात कुमार दीक्षित का कहना है कि ठगों का सुराग मिला है। टीम उस पर काम कर रही है। जल्द ठग पकड़े जाएंगे।