पानी के लिए घर छोड़कर जा रहे खोड़ा के लोग
खोड़ा। 14 किलोमीटर में फैले खोड़ा कस्बा की 12 लाख की आबादी पानी के भीषण संकट से जूझ रही है। आलम यह है कि भूजल स्तर 500 फुट तक गिर चुका है। इस पर भी जो पानी मिल रहा है, वह रेतीला और लाल रंग का है। इस समस्या से परेशान होकर लोग घर छोड़कर आसपास के इलाकों में जा रहे हैं। पिछले चार साल में अकेले वंदना एंक्लेव से 50 परिवार जा चुके हैं। इसके बावजूद नगर पंचायत पानी का इंतजाम नहीं कर रही है।
नगर पंचायत का सिर्फ एक नलकूप काम कर रहा है। इससे महज दो वार्ड में पानी की आपूर्ति की जा रही है। बाकी सभी जगह लोग पानी का इंतजाम खुद कर रहे हैं। सबमर्सिबल लगवाने में छह से सात लाख का खर्च आ रहा है। ऐसे में कई परिवार मिलकर एक सबमर्सिबल लगवाते हैं। पास के नोएडा और इंदिरापुरम में गंगाजल की आपूर्ति है लेकिन खोड़ा के लोगों को पानी के लिए बहुत परेशानी झेलनी पड़ रही हैं। (संवाद)
एक घंटे मोटर चलाने के बाद आता है साफ पानी
खोड़ा के वार्ड नंबर 9 के प्रकाश नगर की गली नंबर 4 में रहने वाले अशोक तोमर ने बताया कि उन्होंने करीब 500 फुट नीचे सबमर्सिबल कराया है। जिसमें सुबह-शाम लाल पानी आता है, जिसे आरओ से फिल्टर किया जाता है। इसके बाद भी यह पूरी तरह से स्वच्छ नहीं होता है। करीब एक घंटे मोटर चलाने के बाद थोड़ा ठीक पानी आता है। खोड़ा रेजीडेंट एसोशिएशन के अध्यक्ष दीपक जोशी ने बताया कि सबमर्सिबल करते समय कई पत्थर बीच में आते हैं। पत्थरों से रिसकर पानी आता है। इसलिए यह कई बार रेतीला तो कई बार लाल रंग का आता है।
घर छोड़ने वालों की गिनती भी नहीं
रणवीर सिंह खोड़ा के वंदना एंक्लेव में 1995 से स्थानीय निवासी हैं। वह बताते हैं कि पिछले चार-पांच सालों से खोड़ा में पेयजल संकट की स्थिति पैदा हो गई है। इस वजह से लोग घर को बेचकर कहीं दूसरी जगह शिफ्ट हो गए हैं। इनमें हरभजन सिंह, गोपाल दत्त, रमेश कुमार, सलेष सिंह, प्रेमचंद, नामधारी, लल्लन, छोटू समेत अन्य परिवार शामिल हैं। स्थानीय लोगों ने बताया कि घर छोड़ने वालों की बड़ी संख्या है लेकिन ऐसे लोगों को सूचीबद्ध करने की कोई सरकारी व्यवस्था नहीं है।
सांसद और विधायक से कर चुके फरियाद
लोगों ने बताया कि वे सांसद वीके सिंह, विधायक सुनील शर्मा और चेयरपर्सन रीना भाटी से पानी की समस्या बता चुके हैं। उन्हें ज्ञापन भी दे चुके हैं। हस्ताक्षर अभियान भी चलाया। कुल 17 हजार लोगों ने हस्ताक्षर किए। फेसबुक पर पेज बनाया गया है, इससे अब तक 2500 लोग जुड़े चुके हैं। दिल्ली के जंतर-मंतर पर जाकर अनशन भी कर चुके हैं। खोड़ा रेजीडेंट एसोशिएशन के पदाधिकारी 15 अक्तूबर के बाद खोड़ा से सीएम योगी के कार्यालय तक पैदल यात्रा निकालेंगे।
शासन को भेजा है प्रस्ताव
खोड़ा के हर वार्ड में पेयजल की आपूर्ति को लेकर नलकूप लगवाए जाएंगे और पानी के टैंकर मंगाए जाएंगे। इसके लिए प्रस्ताव बनाकर शासन को भेजा गया है। जल्द ही नलकूप लगाने का काम शुरू किया जाएगा। इसके लिए पानी के सैंपल भी लिए गए हैं। - रीना भाटी, चेयरपर्सन, नगर पालिका परिषद