मोबाइल लूटकर भाग रहे तीन लुटेरों को लोगों ने धरा, की धुनाई
साहिबाबाद। राजेंद्र नगर में पान के खोखे पर खड़े कंपनी के कर्मचारी चंदन कुमार से मंगलवार रात करीब 10:45 बजे तीन लुटेरों ने पिटाई कर मोबाइल फोन लूट लिया। उन्होंने शोर मचाया तो लोगों ने पीछा कर तीनों लुटेरों को दबोच लिया और जमकर धुनाई कर दी। पुलिस ने तीनों को जेल भेज दिया।
इंद्रा कालोनी निवासी चंदन कुमार ने बताया कि वह रात 10:30 बजे कंपनी से घर लौटते समय एक पान के खोखे पर खड़े थे। तभी किसी परिचित का फोन आ गया। वह बात करते हुए आगे बढ़ते गए तभी अंधेरे का फायदा उठाकर तीन लुटेरों ने उन्हें घेर लिया। आरोप है कि लुटेरों ने उन्हें पीट-पीट कर बुरी तरह घायल कर मोबाइल लूट लिया लेकिन जब वह जेब से पर्स निकालने लगे तो उन्होंने शोर मचा दिया। डायल-112 पर फोन कर पुलिस को तीन लुटेरे सौंप दिए गए। साहिबाबाद थाना प्रभारी प्रदीप कुमार दीक्षित का कहना है कि लुटेरों से पूछताछ में मोबाइल बरामद कर लिया है। इनके अन्य साथियों का भी पता चला है। उनकी तलाश कर रहे हैं।