दस के नोट पर लिखा फोन नंबर, नहीं लिया तो की छेड़छाड़
लोनी। बार्डर थाना क्षेत्र की एक कॉलोनी में मनचलों ने स्कूल जा रही छात्राओं के साथ अभद्रता की। मनचलों ने दस के नोट पर अपना फोन नंबर लिखकर छात्राओं को देने का प्रयास किया। नंबर नहीं लेने पर छेड़छाड़ की। छात्राओं के परिजनों ने आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है।
लोनी बार्डर थाना क्षेत्र की एक कॉलोनी में एक स्कूल है। छात्राओं का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ। इसमें छात्राओं का आरोप है कि वह रोजाना स्कूल जाती हैं। रास्ते में कुछ मनचले उन्हें परेशान करते हैं। एक छात्रा के परिजनों ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि स्कूल जाने के दौरान रास्ते में मनचलों ने दस के नोट पर मोबाइल नंबर लिखकर दिया। उसने छात्रा से फोन पर बात करने को कहा। बात न करने पर अंजाम भुगतने की धमकी दी। बात न करने पर छुट्टी के समय कुछ और युवकों ने उसके साथ छेड़छाड़ करते हुए अभद्रता की। पीड़िता ने घर जाकर आपबीती बताई तो परिजनों ने एक युवक को पकड़ लिया तभी आरोपी युवक के कई सहयोगी वहां आ गए। उन्होंने पीड़ितों के साथ मारपीट करते हुए जातिसूचक शब्द बोले और आरोपी को छुड़वाकर ले गए। थाना प्रभारी योगेंद्र सिंह पवार ने बताया कि आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी जा रही है।