अलीगढ़ की सीएमओ सहित तीन के फ्लैट में लाखों की चोरी
साहिबाबाद। राजेंद्र नगर सेक्टर-2 में अलीगढ़ में तैनात मुख्य चिकित्साधिकारी के फ्लैट से चोरों ने गहने और कीमती सामान चोरी कर लिया। इसके अलावा कुछ दूरी पर घरेलू सहायिका ने सफाई के बहाने साफ्टवेयर इंजीनियर के फ्लैट से गहने और नकदी चोरी कर लिए। शुक्रवार को अलमारी खोलने पर चोरी का पता चला। तीसरे मामले में चोरों ने शक्तिखंड-2 में साफ्टवेयर इंजीनियर के बंद फ्लैट का ताला खोलकर गहने और नकदी पर हाथ साफ कर लिया।
केंद्र सरकार के स्वास्थ्य मंत्रालय से संबद्ध डॉ. नताशा का राजेंद्र नगर सेक्टर-2 में डीएवी स्कूल के पास फ्लैट है। उनका पिछले दिनों अलीगढ़ स्थानांतरण हो गया था। वह फ्लैट पर ताला लगाकर गई थीं। चोरों ने गली में खिड़की तोड़कर छह दिनों के अंदर एसी, इनवर्टर-बैटरी, एलईडी टीवी, सीसीटीवी कैमरा, डीवीआर, बेड, फ्रीज, मोटर, प्रेस, गैस सिलिंडर, बर्तन और पुश्तैनी जेवर, चांदी की पायल, कड़ा, सोने की अंगूठी, कानों के कुंडल, नलों की टोंटियों के अलावा बाउंड्री पर लगी लोहे की ग्रिल, दरवाजों की कुंडी व अन्य सामान चोरी कर लिया। वह शुक्रवार को अचानक फ्लैट पर लौटीं तो सामान गायब देखकर उनके होश उड़ गए। उन्होंने तुरंत पुलिस को सूचना दी। आरोप है कि दिनदहाड़े चोर फ्लैट से सामान ले गए लेकिन पुलिस को गश्त करने पर भी भनक नहीं लगी। साहिबाबाद थाने में चोरी की रिपोर्ट दर्ज कराई गई है।
घरेलू सहायिका ने चोरी किए गहने और नकदी
राजेंद्र नगर सेक्टर-2 में ही सॉफ्टवेयर इंजीनियर अमित कुमार परिवार के साथ रहते हैं। दो सितंबर को उन्होंने एक परिचित के कहने पर घर में गरिमा गार्डन की महिला को घरेलू सहायिका पर रख लिया था। आरोप है कि उसने धीरे-धीरे कमरे में अलमारी का ताला खोलकर मंगलसूत्र, सोने की अंगूठी, सोने की कड़ी, कुंडल, हीरे की अंगूठी और 20 हजार रुपये की नकदी चोरी कर ली। शुक्रवार को इंजीनियर ने किसी काम से अलमारी खोली तो सामान गायब देखकर उनके होश उड़ गए। उनका कहना है कि घरेलू सहायिका बीमारी का बहाना बनाकर कुछ दिनों तक नहीं आई। उन्हें तुरंत शक हो गया। उन्होंने साहिबाबाद थाने में घरेलू सहायिका के खिलाफ मुकदमा कराया है। वह अभी फरार है।
इंजीनियर के फ्लैट से 30 मिनट में गहने और नकदी उड़ाई
शक्तिखंड में रहने वाले सॉफ्टवेयर इंजीनियर नोएडा की कंपनी में काम करते हैं। वह दिन में सवा एक बजे पत्नी और बच्चे के साथ घर के दरवाजे में सेंट्रल लॉक लगाकर बैंक गए थे। 30 मिनट बाद घर लौटे तो मेन गेट की कुंडी लगी थी। शक होने पर दंपती तुरंत अंदर गए तो वहां सारा सामान बिखरा पड़ा था। चोर ने दूसरी चाबी से दरवाजा खोला और कमरे से तीन सोने की चेन, गले का हार, दो कुंडल, चार अंगूठी, दो पाजेब, एक जोड़ी सोने का कंगन चोरी हो चुके थे। चोरों ने अलमारी का लॉक तोड़कर घटना की। इसके अलावा चोर बैग में 25 हजार रुपये और महत्वपूर्ण कागजात भी ले गए। सीसीटीवी फुटेज में दो चेक कैद हुए हैं। एक चोर ने दूसरी चाबी से लॉक खोला जबकि दूसरे चोर ने गहने व नकदी चोरी किए।
पुलिस अधीक्षक द्वितीय ज्ञानेंद्र कुमार सिंह का कहना है कि सीसीटीवी फुटेज से गिरोह की पहचान कर रहे हैं। घरेलू सहायिका का पता मिला है, उसको जल्द पकड़कर सामान बरामद किया जाएगा।