जन्मदिन पार्टी में युवती की नाराजगी पर युवक ने लगाई फांसी, गंभीर
साहिबाबाद। राजेंद्र नगर के एक होटल में जन्मदिन पार्टी मनाने गए युवक-युवती के बीच किसी बात पर झगड़ा हो गया। नाराज युवती को मनाने में नाकाम युवक ने गुस्से में पंखे से लटक कर आत्महत्या करने का प्रयास किया लेकिन युवती ने तुरंत उसे नीचे उतारकर होटल प्रबंधन की मदद से अस्पताल में भर्ती कराया। वहां युवक की हालत गंभीर बनी है। साहिबाबाद पुलिस ने अस्पताल पहुंचकर मामले की जांच की।
पसौंडा में रहने वाले युवक की शहीद नगर की एक युवती से दोस्ती है। कई दिनों से दोनों एक दूसरे से मिले नहीं थे। दो-तीन दिन पूर्व दोनों की फोन पर बात होने पर युवक ने युवती का जन्मदिन मनाने की बात कही। दोनों राजेंद्र नगर के एक होटल में पहुंचे। वहां कमरे में केक काटने के दौरान अचानक युवक के फोन पर दूसरी युवती का फोन आ गया। युवती ने दोनों की बात सुनकर आपत्ति की। इस पर दोनों में कहासुनी के बाद विवाद बढ़ता गया। कुछ देर बाद युवक का गुस्सा शांत हुआ तो उसने युवती को मनाने का प्रयास किया लेकिन वह नहीं मानी। युवती किसी काम में व्यस्त हो गई तभी युवक पंखे से लटक गया। युवती ने तुरंत चुन्नी को लाइटर से जलाकर युवक को नीचे उतारा। इसके बाद युवती ने होटल प्रबंधन की मदद से उसे निजी अस्पताल में भर्ती कराया। वहां से पुलिस को सूचना दी गई। साहिबाबाद थाना प्रभारी प्रदीप त्रिपाठी का कहना है कि युवक की हालत गंभीर है उसका अस्पताल में इलाज चल रहा है अभी तक मामले में कोई शिकायत नहीं आई है।