युवतियों के अश्लील फोटो बनाकर ब्लैकमेल करने का आरोपी गिरफ्तार
खोड़ा। पुलिस ने शुक्रवार रात दूसरा पुस्ता शनि बाजार रोड का कोना चौकी क्षेत्र से युवतियों की अश्लील फोटो वायरल कर ब्लैकमेल करने वाला आरोपी पकड़ा है। तलाशी में उसके पास से युवती का मोबाइल भी बरामद किया है। जांच में पुलिस टीम को उसके पास से कई युवतियों के अश्लील फोटो भी मिले हैं।
क्षेत्राधिकारी इंदिरापुरम अभय कुमार मिश्र ने बताया कि आरोपी दीपक आदर्श नगर खोड़ा कॉलोनी में रहता है। वह मौज-मस्ती के लिए सोशल मीडिया पर युवतियों को कई तरह का लालच देकर प्रेमजाल में फंसा लेता है। इसके बाद युवतियों को अलग-अलग जगह बुलाकर उनकी वास्तविक फोटो को एडिट कर अश्लील फोटो तैयार करता था फिर सोशल मीडिया पर फोटो अपलोड कर युवतियों से ब्लैकमेल कर रकम की मांग करता था। सीओ का कहना है कि पिछले महीने एक युवती खोड़ा में अपने रिश्तेदार के घर शादी में आई थी। वहां कार्यक्रम में दीपक भी शामिल हो गया। इस बीच आरोपी ने युवती को अपने चक्कर में फंसाकर बातचीत शुरू कर दी। कुछ दिन तक वह युवती पर मिलने का दबाव बनाने लगा था। कुछ दिन पूर्व युवती ब्यूटी पार्लर जा रही थी। तभी रास्ते में आरोपी ने उसे पकड़ लिया और बदसलूकी कर उसका मोबाइल छीन लिया। आरोप यह भी है कि दीपक ने युवती के रिश्तेदारों को मेसेज भेजकर धमकी दी और रास्ते में आते-जाते उससे छेड़छाड़ करता था। एक दिन उसने युवती का अश्लील फोटो तैयार कर स्टेटस व अन्य सोशल मीडिया प्लेटफार्म पर अपलोड कर दी। युवती को इस बारे में पता चला तो उसके होश उड़ गए। वह खोड़ा थाने गई और पुलिस को आरोपी के खिलाफ कार्रवाई करने के लिए लिखित शिकायत दी।
सीओ ने बताया कि साइबर टीम की जांच में आरोपी दीपक के सोशल मीडिया अकाउंट पर कई युवतियों के फोटो मिले हैं, जिन्हें वह अश्लील तरीके से एटिड कर अपलोड करने की तैयार कर रहा था। फिलहाल पुलिस ने युवती का मोबाइल बरामद कर आरोपी को जेल भेज दिया है।