नेक्स्ट लेवल कैफे के नाम से चल रहा था हुक्का बार, संचालक समेत चार गिरफ्तार
इंदिरापुरम। थाने से चंद कदम की दूरी पर वसुंधरा सेक्टर-13 में नेक्स्ट लेवल कैफे के नाम से चल रहे हुक्का बार पर पुलिस ने दोबारा छापे की कार्रवाई की। टीम ने मौके से पार्टी करते युवक और संचालक को भी गिरफ्तार किया है। बार के अंदर से पुलिस को आठ हुक्का, छह हुक्के की प्लेट, छह हुक्का पाइप, पांच चिलम, पांच क्लाउड और एक पैकेट तंबाकू कोकोया बरामद हुआ।
इंदिरापुरम थाना प्रभारी देवपाल सिंह पुंडीर ने बताया कि हुक्का बार का संचालक तबरेज निवासी शालीमार गार्डन है। वह मूल रूप से जिला बुलंदशहर के नई बस्ती धमेड़ा अड्डा का रहने वाला है। यहां वसुंधरा सेक्टर-13 में उसने दोस्त के साथ मिलकर नेक्स्ट लेवल कैफे खोला था। उसी की आड़ में ज्यादा पैसे कमाने के लिए उसने अवैध तरीके से हुक्का बार का संचालन शुरू कर दिया। इनकी भनक किसी को न लगे इसके लिए कैफे में अलग से व्यवस्था की हुई थी। टीम कार्रवाई करने मौके पर पहुंची तो वहां लाइट बंद थी और अंधेरे के बीच युवक हुक्का गुड़गुड़ा रहे थे उसके धुएं का छल्ला बना रहे थे। जांच में पाया कि युवाओं को पार्टी के नाम पर अवैध तरीके से हुक्का पिलाकर नशा परोसा जा रहा है। पुलिस टीम ने मौके से फराज निवासी शालीमार गार्डन, अनिल निवासी साहिबाबाद और राहुल निवासी सेक्टर-13 वसुंधरा व संचालक तबरेज को गिरफ्तार किया। पूछताछ में पता चला कि हुक्का बार की पार्टी में आने वाले युवकों को लोकेशन और अधिक जानकारी राहुल देता था। फिलहाल हुक्का बार के खिलाफ पुलिस को काफी समय से ट्विटर और अन्य सोशल मीडिया प्लेटफार्म पर शिकायत मिल रही थी। प्रभारी निरीक्षक का कहना है कि हुक्का बार से संबंधित अन्य युवकों की तलाश कर रहे हैं।