50 रुपये के विवाद में दोस्त ने नाबालिग की गर्दन पर मारा ब्लेड
साहिबाबाद। गरिमा गार्डन में 60 फुटा रोड पर शुक्रवार रात 50 रुपये के विवाद में 16 वर्षीय किशोर ने 13 वर्षीय बच्चे के गले पर ब्लेड से हमला कर दिया। कहासुनी होने पर बच्चे का भाई उसे बचाने पहुंचा तभी आरोपी बच्चे पर हमला कर वहां से भाग गया। पड़ोस के लोग घायल को निजी अस्पताल ले गए। वहां से उसे दिल्ली के जीटीबी अस्पताल में रेफर कर दिया। टीला मोड़ पुलिस ने आरोपी किशोर को पकड़कर किशोर न्यायालय में पेश किया। गरिमा गार्डन में दोनों बच्चे एक साथ शाम करीब सात बजे खेल रहे थे। इस बीच 16 वर्षीय किशोर ने 13 वर्षीय बच्चे को कुछ सामान लाने के लिए कहा। काफी देर बाद जब बच्चा सामान नहीं लाया तो दोनों के बीच कहासुनी बढ़ गई। तभी किशोर ने अपने 50 रुपये मांगे, जिस पर विवाद बढ़ गया। जैसे ही पड़ोस के लोग दोनों के बीच विवाद को सुलझाने दौड़े तभी किशोर ने बच्चे के गले पर ब्लेड से उसे घायल कर दिया। लहूलुहान हालत में बच्चे के भाई ने अन्य लोगों की मदद से उसे निजी अस्पताल में भर्ती कराया लेकिन खून ज्यादा बहने से उसकी हालत गंभीर हो गई थी। इस वजह से घायल बच्चे को दिल्ली के जीटीबी अस्पताल ले गए। वहां उसका उपचार चल रहा है। टीला मोड़ थाना प्रभारी भुवनेश्वर सिंह का कहना है कि नाबालिग बच्चों के बीच 50 रुपये को लेकर विवाद हुआ था। दोनों गरिमा गार्डन की गली में आसपास ही रहते हैं। किशोर के खिलाफ घायल बच्चे के भाई ने लिखित शिकायत देकर हत्या के प्रयास का मुकदमा दर्ज कराया है। तलाशी के दौरान किशोर को घर के पास से ही पकड़ लिया और किशोर न्यायालय में पेश किया है। वहां से बाल सुधार गृह भेजा गया है।